रसोई गैस ग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब सिलेंडर ट्रांसफर और बुकिंग के नियम बदले

ख़बर शेयर करें

अगर आपके घर में भी एलपीजी गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। गैस कंपनियों ने अब कनेक्शन ट्रांसफर, रिफिल बुकिंग और पीएनजी (PNG) में शिफ्ट होने को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं। अगर आप शहर बदल रहे हैं, घर शिफ्ट कर रहे हैं या पाइप वाली गैस लेने की सोच रहे हैं, तो इन 6 बड़े बदलावों को जानना आपके लिए बेहद जरूरी है, वरना आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है।

पता बदलने से पहले एजेंसी को दें जानकारी

अगर आप अपना घर शिफ्ट कर रहे हैं, तो सबसे पहला काम अपनी गैस एजेंसी (इंडेन, एचपी या भारत गैस) को सूचित करना है। आपको कनेक्शन ट्रांसफर के लिए आवेदन करना होगा। इस दौरान आपको आईडी प्रूफ, नए पते का सबूत (Address Proof), गैस बुक और अपना ओरिजिनल कनेक्शन वाउचर साथ रखना होगा। अगर आप एक ही इलाके में घर बदल रहे हैं, तो डिस्ट्रीब्यूटर आपका पता अपडेट कर देगा और आपकी डिलीवरी बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।

इलाका बदलने पर ‘TTV’ अनिवार्य

यदि आप ऐसे इलाके में शिफ्ट हो रहे हैं जो किसी दूसरी गैस एजेंसी के अधिकार क्षेत्र में आता है, तो आपको अपनी पुरानी एजेंसी से ‘ट्रांसफर टर्मिनेशन वाउचर’ (TTV) लेना होगा। बिना इस दस्तावेज के आपका कनेक्शन नए इलाके में ट्रांसफर नहीं हो पाएगा। आपको यह पेपर नए डिस्ट्रीब्यूटर को सौंपना होगा, जिसके बाद ही प्रक्रिया पूरी होगी।

दूसरे शहर जाने पर सिलेंडर-रेगुलेटर करना होगा जमा

अगर आप अपना शहर ही बदल रहे हैं, तो आपको पुराना सिलेंडर और रेगुलेटर मौजूदा एजेंसी को वापस करना होगा। इसके बदले एजेंसी आपको एक टर्मिनेशन वाउचर देगी और आपकी सिक्योरिटी डिपॉजिट का पैसा वापस कर दिया जाएगा। नए शहर में पहुँचकर आपको वहां की एजेंसी को ये पेपर्स दिखाने होंगे, जिसके बाद वे नया कनेक्शन जारी करेंगे।

नया कंज्यूमर नंबर और पीएनजी का विकल्प

जब आप अपना TTV नए डिस्ट्रीब्यूटर को देंगे, तो वे इसे ‘ट्रांसफर सब्सक्रिप्शन वाउचर’ (TSV) में बदल देंगे। इसके साथ ही आपको एक नया कंज्यूमर नंबर मिलेगा। ध्यान रहे, नए नंबर के बिना आप सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। वहीं, अगर आप एलपीजी से पाइप वाली गैस (PNG) की तरफ बढ़ना चाहते हैं, तो पहले अपनी लोकल एजेंसी से कागजी शर्तों के बारे में जानकारी जरूर ले लें। पिछले छह महीनों में लाखों लोग पीएनजी अपना चुके हैं, इसलिए सभी दस्तावेजों को संभालकर रखना बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में आपको कोई दिक्कत न हो।