सावधान! रुद्रपुर के इस पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद कई वाहन हुए खराब, लोगों ने किया हंगामा

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

 

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में काशीपुर हाईवे स्थित सामिया लेक सिटी के पास एक एचपी पेट्रोल पंप पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क पर अचानक बंद हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

वाहन स्वामियों का आरोप है कि पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद उनके वाहन कुछ ही दूरी पर बंद हो गए। जब वाहनों को स्थानीय मैकेनिकों के पास ले जाया गया तो प्रारंभिक जांच में ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल उठे। कई वाहन मालिकों का दावा है कि पेट्रोल में पानी या अन्य पदार्थ की मिलावट होने के कारण इंजन प्रभावित हुए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पेट्रोल पंप पर हंगामा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और वाहनों की मरम्मत का खर्च पेट्रोल पंप प्रबंधन से दिलाने की मांग की।

वहीं, पेट्रोल पंप प्रबंधन ने सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। प्रबंधन के अनुसार पेट्रोल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

उधर, प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि शिकायत मिलने पर ईंधन की गुणवत्ता की आधिकारिक जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।