बंशीधर भगत ने दी विकास की बड़ी सौगात

ख़बर शेयर करें

6 करोड़ की धन राशि से 60 मीटर स्टील गार्डर पुल जनता को किया समर्पित

रानीबाग-नैनीताल ब्रेवरी मोटर मार्ग बना नैनीताल जाने का विकल्प

ज्योलिकोट/नैनीताल skt. com

कालाढूंगी विधानसभा में विकास कार्यों की फेहरिस्त में एक और नई योजना को शामिल करते हुए कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत एवं भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने रानीबाग से नैनीताल ब्रेवरी मोटर मार्ग पर नवनिर्मित 60 मीटर स्पान वाले स्टील गार्डर सेतु का संयुक्त रूप से लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक पुल के उद्घाटन के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों का कई वर्षों का इंतजार समाप्त हो गया है ।

लोकार्पण समारोह के दौरान स्थानीय लोगों ने पुल के सामरिक व पर्यटन दृष्टि से महत्व पर जोर देते हुए विधायक बंशीधर भगत का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक जी के अथक प्रयासों, विभिन्न विभागों के साथ बेहतरीन समन्वय और वन विभाग से अनापत्ति दिलाने के कारण ही इस पुल का निर्माण संभव हो सका।

विधायक बंशीधर भगत ने जानकारी देते हुए कहा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित इस पुल की कुल लागत 574.94 लाख एवं 60 मीटर स्पान वाला यह पुल रानीबाग नैनीताल ब्रेवरी मार्ग के 6 किलोमीटर पर स्थित है। उन्होंने कहा
“लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल के जनता को समर्पित होने के बाद सूर्या जाला, सूर्या गांव, ज्योलि समेत आसपास के कई गांवों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब नैनीताल का सफर करीब 6 किलोमीटर कम हो जाएगा। पर्यटक सीजन में मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या भी काफी हद तक हल हो जाएगी। यह पुल न सिर्फ स्थानीय लोगों की सुविधा का साधन बनेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति भी प्रदान करेगा।”

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक भगत से सड़क मार्ग को दुरुस्त करने की मांग भी की। विधायक भगत ने तत्काल पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क का निरीक्षण कर जल्द से जल्द उसे सुधारा जाए, ताकि पुल के साथ-साथ पूरी सड़क भी सुविधाजनक हो।

कार्यक्रम में मौजूद भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश बिष्ट ने कहा स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। आज उस मांग को पूरा होते देख लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। यह पुल न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा, खासकर पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देगा।

इस दौरान कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ हरीश बिष्ट , जिला उपाध्यक्ष प्रताप बोरा , जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल , ग्राम प्रधान शेखर भट्ट , मुन्नी जीना , विपिन पलड़िया ,क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सूर्या , कमल जंतवाल , कुंदन जीना ,पुष्कर जोशी , हरीश भट्ट, गौरव रमोला , कैलाश जीना, प्रताप जीना , पूरन मेहरा , महेश भंडारी , मनमोहन पांडे , सुरेंद्र सूर्या समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे ।