गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ यूओयू का दीक्षांत समारोह

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियाँ प्रदान की गयी।

ADVERTISEMENTS


राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए; प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से किया गया सम्मानित


हल्द्वानी एसकेटी.कॉम

18 नवम्बर 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।


समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। माननीय राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया।


मुख्य दीक्षांत समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने किया। प्रारंभ में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन, माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव तथा मानद उपाधि प्राप्तकर्ता श्री अश्वनी लोहनी का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।


कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्णतः साक्षर राज्य बना है।

उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ डिजिलॉकर के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। इन 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।


अपनी प्रगति रिपोर्ट में कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामुदायिक पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 8 क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है तथा इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।

विश्वविद्यालय द्वारा 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊँनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को NCVET से रेगुलेटरी अथॉरिटी एवं ड्यूल रिकग्निशन प्राप्त होने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है। परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए गए।
कुलपति ने जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुँच बनाई गई तथा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पाँच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गाँवों में ‘गाँव गौरव’ एवं ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ एवं ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से हुए शैक्षणिक समझौतों, शोध अनुदान, शोधार्थियों को प्रदान की गई अध्येतावृत्ति तथा शिक्षकों की शोध उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र तथा UCOST सहित सात पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।
इसके पश्चात दीक्षोपदेश एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किए गए। समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की गई।
पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले आठ शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल हैं। साथ ही 36 मेधावी शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प भी दिलाया।
मानद उपाधि से सम्मानित श्री अश्वनी लोहनी
समारोह में श्री अश्वनी लोहनी को उनके प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी लोहनी ने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन एवं पर्यटन के क्षेत्र में उनके योगदान उल्लेखनीय रहे हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएँ अर्जित करने के लिए भी उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।


विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव का संबोधन
NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की यात्रा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय की मूल अवधारणा शिक्षा को सर्वसुलभ एवं लोकतांत्रिक बनाना है। आज मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उच्च शिक्षा की एक महत्त्वपूर्ण पद्धति के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने शिक्षार्थियों से आजीवन सीखने, अपने व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने तथा व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।


विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गाँवों में किए जा रहे कार्यों, सैनिकों एवं कारागारों में स्थापित अध्ययन केंद्रों, शहीद सैनिकों की विधवाओं को शुल्क में छूट, दिव्यांगजन के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ एवं ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन की स्थापना और हरेला पर्व पर 500 से अधिक फलदार एवं औषधीय पौधों के रोपण को भी सराहनीय बताया। अपने पूर्व कार्यकाल का स्मरण करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित किया तथा शिक्षार्थियों से आजीवन विश्वविद्यालय से जुड़े रहने का आग्रह किया।
माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का संबोधन
प्रदेश के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा प्रदेश सरकार गुणवत्ता, रोजगार, शोध और नवाचार को उच्च शिक्षा के प्रमुख आधारों के रूप में लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में डिग्री कॉलेज, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, प्रत्येक जनपद में महिला छात्रावास, छात्रवृत्ति, ई-लाइब्रेरी एवं मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस एवं साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों के साथ हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन में शोध के लिए प्रेरित किया। साथ ही वेद, संस्कृत, योग, आयुर्वेद एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी प्राप्त करने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजन करने की दिशा में भी प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुँचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शिक्षार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन एवं प्राध्यापकों का सम्मान
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्वविद्यालय में अकादमिक गुणवत्ता, अनुसंधान एवं ज्ञान सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना का प्रतीक रहा।
माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन का अध्यक्षीय संबोधन
समारोह के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों के आरंभ का प्रतीक है। श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन एवं व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।
माननीय राज्यपाल ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी व्यक्तियों, सैनिकों, कारागारों में निरुद्ध व्यक्तियों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुँचाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आठ गाँवों को गोद लेने, एक लाख से अधिक पुस्तकों के निःशुल्क वितरण, सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’ ऐप, ‘उत्तरावाणी’ एवं ‘ज्ञान कोष’ जैसी पहलों को महत्त्वपूर्ण बताया। उन्होंने विश्वविद्यालयों से अनुसंधान, नवाचार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने एवं जिज्ञासु बने रहने की प्रवृत्ति विकसित करने का आह्वान किया।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीक के वर्तमान दौर का उल्लेख करते हुए उन्होंने निरंतर कौशल विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति मानवीय विवेक, नैतिकता एवं संवेदनशीलता के अनुरूप होनी चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में उन्होंने शिक्षा को अधिक समावेशी एवं कौशलपरक बनाने की आवश्यकता भी रेखांकित की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उत्तराखण्ड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पलायन की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल एवं रोजगार के अवसर विकसित करने में निहित है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद, सुगंध खेती एवं स्थानीय उत्पादों में रोजगार और उद्यमिता की व्यापक संभावनाएँ हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में अनुसंधान, कौशल विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की अपेक्षा की। साथ ही हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण को सतत विकास की अनिवार्य शर्त बताते हुए युवाओं से जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तीकरण के महत्त्व को भी रेखांकित किया। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता के साथ विनम्र बने रहने, चुनौतियों का धैर्यपूर्वक सामना करने तथा अपने ज्ञान एवं सामर्थ्य को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रायोजित स्वर्ण पदकों का विशेष उल्लेख
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से प्रारंभ से ही प्रत्येक दीक्षांत समारोह में तीन मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। डॉ. अग्रवाल अपने संस्थान ‘लाला देवकीनंदन नंद किशोर एजेंसीज’ की ओर से स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली मेधावी महिला अभ्यर्थी के लिए एक स्वर्ण पदक प्रायोजित करते हैं। इसके अतिरिक्त, अपनी माता स्वर्गीय शीला देवी, धर्मपत्नी लाला ओम प्रकाश अग्रवाल की स्मृति में परास्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली महिला अभ्यर्थी तथा अपनी दादी स्वर्गीय भगवती देवी, धर्मपत्नी लाला नंदकिशोर अग्रवाल की स्मृति में एम.कॉम. स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी अभ्यर्थी के लिए भी एक-एक स्वर्ण पदक प्रायोजित किया जाता है। इस दीक्षांत समारोह में भी माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन द्वारा इन तीनों प्रायोजित स्वर्ण पदकों से मेधावी शिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया।
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय
11वें दीक्षांत समारोह, 2026 के स्वर्ण पदक विजेताओं का विवरण
शैक्षणिक सत्र: 2025-26
विश्वविद्यालय द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2025-26 की स्वर्ण पदक सूची के अनुसार विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं विशेष पुरस्कारों के लिए चयनित किया गया है। पुरस्कार श्रेणी एवं विषयवार चयनित विद्यार्थियों का विवरण निम्नवत् है।

  1. विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
    स्नातक स्तर: विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक के लिए स्नातक स्तर पर शिवर्णा धौनी को कला स्नातक (B.A.), मोहित गुनसोला को वाणिज्य स्नातक (B.Com.), मोनिका खत्री को बी.एड. विशेष शिक्षा (श्रवण बाधित), विनीता अग्रि को बी.एड. विशेष शिक्षा (दृष्टिबाधित), तनुजा चुफाल को विशेष शिक्षा स्नातक (बौद्धिक दिव्यांगता), संगीता लिम्बू को बी.एड. विशेष शिक्षा (अधिगम दिव्यांगता) तथा जितेन्द्र को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातक (BLIS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया है।
    स्नातकोत्तर स्तर: स्नातकोत्तर स्तर पर विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक के लिए सोनिया नेगी को अर्थशास्त्र, वंदना ध्यानी को शिक्षा, वंशिता अग्रवाल को अंग्रेजी, सरिता पालनी को भूगोल, भूमिका मनराल को इतिहास, अंजू कपरी को हिंदी, हिमांशु उप्रेती को राजनीति विज्ञान, नीलम जोशी को समाजशास्त्र, प्रियंका शर्मा को व्यवसाय प्रशासन (MBA), ललित कांडपाल को कंप्यूटर अनुप्रयोग (MCA), पवन ममगाईं को वाणिज्य (M.Com.), प्रेरणा भट्ट को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान (MLIS), मिताली पांडेय को वनस्पति विज्ञान, कुमारी आस्था को रसायन विज्ञान, प्रदीप चन्द्र मिश्रा को गणित, ज्योत्सना जोशी को प्राणी विज्ञान, मोहन चन्द्र घिल्डियाल को समाज कार्य, अनुज भार्गव को संस्कृत तथा पूजा भट्ट को मनोविज्ञान विषय में चयनित किया गया है।
  2. (NEP) स्वर्ण पदक
    स्नातक स्तर (NEP) स्वर्ण पदक के लिए प्रकाश चन्द्र को कला स्नातक (B.A.), अपराजिता जोशी को कंप्यूटर अनुप्रयोग स्नातक (BCA), दिव्यांशु को वाणिज्य स्नातक (B.Com.) तथा सुषांत कुमार को विज्ञान स्नातक (B.Sc.) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया है।
  3. कुलाधिपति स्वर्ण पदक
    कुलाधिपति स्वर्ण पदक के अंतर्गत स्नातक स्तर पर जितेन्द्र को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातक (BLIS) तथा स्नातकोत्तर स्तर पर प्रेरणा भट्ट को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातकोत्तर (MLIS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया है।
  4. प्रायोजित स्वर्ण पदक
    प्रायोजित स्वर्ण पदकों के अंतर्गत अपराजिता जोशी को लाला देवकी नंदन नंद किशोर एजेंसीज स्मृति स्वर्ण पदक, कंप्यूटर अनुप्रयोग स्नातक (BCA) के लिए; प्रेरणा भट्ट को श्रीमती शीला देवी, धर्मपत्नी लाला ओम प्रकाश स्मृति स्वर्ण पदक, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान स्नातकोत्तर (MLIS) के लिए; तथा पवन ममगाईं को श्रीमती भगवती देवी, धर्मपत्नी लाला नंद किशोर स्मृति स्वर्ण पदक, वाणिज्य स्नातकोत्तर (M.Com.) के लिए चयनित किया गया है।
  5. विशेष पुरस्कार
    तनुजा चुफाल को विशेष शिक्षा स्नातक (बौद्धिक दिव्यांगता) पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कल्याण भवति समिति पदक हेतु चयनित किया गया है।
    विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की ये उपलब्धियाँ उनकी मेहनत, लगन एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।
    दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई। पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल हैं।
    मुख्य समारोह के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर में संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। प्रस्तुतियों ने समारोह के वातावरण को सांस्कृतिक गरिमा एवं उल्लास से परिपूर्ण किया। मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों का संचालन डॉ. शशांक शुक्ला, डॉ. सुचित्रा अवस्थी, गौरव उपाध्याय एवं सुश्री हर्षिता मेहता ने किया।
    विश्वविद्यालय का 11वाँ दीक्षांत समारोह उपाधि प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ उच्च शिक्षा की सुलभता, शोध एवं नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने वाला अवसर रहा। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
ADVERTISEMENTS