हल्द्वानी में भाजपा-कांग्रेस को झटका!… 124 लोगों ने सपा की सदस्यता ली

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी बीच हल्द्वानी में समाजवादी पार्टी ने अन्य दलों में सेंध लगाते हुए 124 नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा है। रविवार को कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों को छोड़कर पूर्व पार्षद महबूब आलम समेत 124 लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
आज़ाद नगर स्थित प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान अब्दुल रऊफ, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद सुल्तान, रईस मियां, मोहम्मद रफी, आरिफ खान, आकीब मिकरानी और हम्माद मिकरानी समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों से जनता का मोहभंग हो रहा है। लोग अब विकल्प की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के लिए तैयार किए गए घोषणा पत्र से प्रभावित होकर उत्तराखंड में भी बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को उत्तराखंड में सरकार में भागीदारी का अवसर मिला तो उत्तर प्रदेश की तर्ज पर यहां भी जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, कन्या के जन्म पर 10 ग्राम सोना, बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा, इंटर पास युवाओं को लैपटॉप और बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का भी वादा किया गया है।
कार्यक्रम में जावेद सिद्दीकी, दीपक अग्रवाल, उमैर मतीन, अरशद अय्यूब, गौरव गुप्ता, जुबैर खान, राजू सिद्दीकी, संजय कुमार, इमरान मिकरानी, मोहम्मद इकबाल, फैजान अंसारी, फरहत सिद्दीकी, नईम सैफी, अशरफ खान, वसी सलमानी, जिशान कुरैशी, बब्लू, अनवर कुरैशी, नासिर सिद्दीकी और मोहम्मद अमरुद्दीन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


