Bank Holiday Today: आज शनिवार 14 नवंबर 2026 बैंक बंद हैं या खुले हैं, दूर करें कंफ्यूजन, सोमवार 16 नवंबर के बारे में भी जानें
Bank Holiday Today : अगर आप इस हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, आज 14 नवंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण देश भर के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक (जैसे SBI, HDFC और ICICI) बंद हैं। इसके बाद कल यानी 15 नवंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। वहीं, देश के कुछ शहरों में सोमवार 16 नवंबर को भी बैंकों में कामकाज नहीं होगा, जिससे वहां लगातार तीन दिनों का लंबा वीकेंड बन रहा है।
किन राज्यों में लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक?
आरबीआई के नियमों के अनुसार, देश के सभी अनुसूचित और गैर-अनुसूचित बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार तथा सभी रविवार को बंद रहते हैं। इस वजह से 14 और 15 नवंबर को पूरे भारत में बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी। हालांकि, बिहार और झारखंड के ग्राहकों के लिए यह छुट्टी तीन दिनों की होगी। इन दोनों राज्यों में सोमवार, 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर बैंकों में अवकाश घोषित किया गया है। ध्यान रहे कि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल ऐप जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी।
नवंबर 2026 में कुल 16 दिन बंद रहेंगे बैंक
नवंबर 2026 के महीने में साप्ताहिक अवकाश और क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर कुल 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। आरबीआई हर साल जनवरी में आधिकारिक बैंक छुट्टियों की सूची जारी करता है, जिसमें राष्ट्रीय और स्थानीय त्योहार शामिल होते हैं। चूंकि स्थानीय छुट्टियां राज्यों के हिसाब से अलग-अलग होती हैं, इसलिए ग्राहकों को अपनी नजदीकी बैंक शाखा से छुट्टियों की पुष्टि कर लेनी चाहिए। नवंबर में रविवार के कारण 1, 8, 15, 22 और 29 तारीख को पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 14 और 28 नवंबर को क्रमशः दूसरे और चौथे शनिवार की देशव्यापी छुट्टी रहेगी। इनके अलावा विभिन्न शहरों में त्योहारों के कारण होने वाली छुट्टियों का विवरण इस प्रकार है:-
नवंबर 2026 की बैंकों की बाकी छुट्टियों की पूरी लिस्ट
- 16 नवंबर (सोमवार): छठ पूजा के अवसर पर बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
- 20 नवंबर (शुक्रवार): इगास-बग्वाल त्योहार के कारण उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे।
- 23 नवंबर (सोमवार): सेंग कुट स्नेम के उपलक्ष्य में मेघालय में अवकाश रहेगा।
- 24 नवंबर (मंगलवार): गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के कारण नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़, हैदराबाद, रांची, देहरादून, जम्मू और श्रीनगर सहित कई प्रमुख शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
- 27 नवंबर (शुक्रवार): कनकदास जयंती के कारण कर्नाटक में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
- 28 नवंबर (शनिवार): चौथे शनिवार की छुट्टी के कारण पूरे भारत में बैंक बंद रहेंगे।
- 29 नवंबर (रविवार): रविवार की छुट्टी के कारण पूरे भारत में बैंक बंद रहेंगे।
छुट्टियों के दौरान ग्राहक कैसे निपटाएं अपने काम?
बैंक बंद होने की स्थिति में ग्राहकों को घबराने की जरुरत नहीं है। रोजमर्रा के खर्चों और जरूरी लेन-देन के लिए देश भर में नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं। ग्राहक बिना किसी रुकावट के यूपीआई (UPI) या बैंक ऐप के जरिए पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, कभी-कभी तकनीकी रखरखाव (मेंटीनेंस) के कारण ये सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित हो सकती हैं, जिसकी सूचना बैंक पहले ही दे देते हैं। इसके अलावा, ग्राहक एटीएम से नकदी निकालने के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से एनईएफटी (NEFT), आरटीजीएस (RTGS), डिमांड ड्राफ्ट, चेकबुक, नए कार्ड और लॉकर जैसी सेवाओं के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


