BJP के आंतरिक सर्वे ने मचाया हड़कंप, 67 फीसदी विधायकों की रिपोर्ट खराब
2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी तेज कर दी है। चुनाव से पहले पार्टी अपने मौजूदा विधायकों के रिपोर्ट कार्ड और जनता के बीच उनकी असली लोकप्रियता को परखने में जुटी है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी तेज कर दी है। चुनाव से पहले पार्टी अपने मौजूदा विधायकों के रिपोर्ट कार्ड और जनता के बीच उनकी असली लोकप्रियता को परखने में जुटी है।
इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ यानी गोरखपुर क्षेत्र में कराए गए एक गोपनीय आंतरिक सर्वे की रिपोर्ट ने पार्टी आलाकमान की चिंता बढ़ा दी है। इस चौंकाने वाले सर्वे के मुताबिक, क्षेत्र के कुल 34 भाजपा विधायकों में से 23 की स्थिति जनता के बीच ठीक नहीं पाई गई है। अगर प्रतिशत में देखें तो करीब 67 फीसदी विधायकों को लेकर आम जनता में भारी नाराजगी सामने आई है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या 2027 के रण में भाजपा इन पुराने चेहरों पर फिर से दांव लगाएगी या फिर बड़े पैमाने पर टिकट काटकर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा?
तीन स्तर पर खंगाला गया विधायकों का रिपोर्ट कार्ड
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने विधायकों के कामकाज का सही आकलन करने के लिए तीन अलग-अलग स्तरों पर यह सर्वे कराया है। इसमें केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश संगठन की टीमों के जरिए जमीनी फीडबैक जुटाया गया है।
इस सर्वे में विधायकों के विकास कार्यों, अपने विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता, आम जनता के बीच उनकी पकड़, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ उनके संवाद और संगठन से तालमेल को मुख्य आधार बनाया गया है। पार्टी शीर्ष नेतृत्व यह जानना चाहता है कि मौजूदा विधायक अपने क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर कितने खरे उतर रहे हैं।
गोरखपुर जिले के 6 विधायकों की स्थिति चिंताजनक
गोरखपुर क्षेत्र को हमेशा से भाजपा का सबसे मजबूत अभेद्य किला माना जाता है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर जिले की सभी नौ सीटों पर कमल खिला था। लेकिन, ताजा आंतरिक सर्वे में जिले के नौ में से छह विधायकों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई है।
आसपास के जिलों का हाल भी कुछ ऐसा ही है। देवरिया जिले में भाजपा के सात विधायकों में से पांच की ग्राउंड रिपोर्ट खराब बताई जा रही है। वहीं, कुशीनगर में भी छह में से चार विधायकों को लेकर जनता में नाराजगी देखने को मिली है। इसके अलावा, महराजगंज जिले में भी पार्टी के तीन विधायकों की स्थिति जनता के बीच कमजोर पाई गई है।
बस्ती मंडल से लेकर बलिया तक बढ़ी पार्टी की टेंशन
सिर्फ गोरखपुर ही नहीं, बल्कि बस्ती मंडल में भी भाजपा के लिए सर्वे के नतीजे कुछ खास उत्साहजनक नहीं हैं। सिद्धार्थनगर जिले में तीन विधायकों की रिपोर्ट खराब मिली है, जबकि संतकबीरनगर में एक विधायक का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया है। बस्ती जिले में भी पार्टी के सामने चुनौतियां बरकरार हैं।
वहीं, पूर्वांचल के बलिया जिले में भी भाजपा के दो विधायकों में से एक की स्थिति ठीक नहीं बताई गई है। इन आंकड़ों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि गोरखपुर क्षेत्र के साथ-साथ पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी पार्टी को अपने विधायकों के प्रदर्शन पर गंभीरता से मंथन करना होगा।
आजमगढ़ और मऊ में भी भाजपा के सामने बड़ी चुनौती
आजमगढ़ मंडल राजनीतिक रूप से भाजपा के लिए पहले से ही एक कठिन चुनौती रहा है। पिछले 2022 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ जिले की सभी 10 सीटों पर पार्टी को करारी हार झेलनी पड़ी थी और वहां भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई थी। मऊ जिले में भी उस समय पार्टी का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा था। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले भाजपा इन कमजोर कड़ियों को मजबूत करने के लिए खास रणनीति पर काम कर रही है।
क्या 2027 में कटेंगे मौजूदा विधायकों के टिकट?
विधायकों के कामकाज पर हुए इस गोपनीय सर्वे के बाद अब राजनीतिक गलियारों में टिकट बंटवारे को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। माना जा रहा है कि भाजपा आगामी चुनाव में उम्मीदवारों के नाम फाइनल करते समय इस सर्वे रिपोर्ट को सबसे ज्यादा तरजीह देगी। जिन विधायकों के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी यानी जनता की नाराजगी ज्यादा है, उनके टिकट पर कैंची चलना लगभग तय माना जा रहा है।
इस मामले पर राजनीतिक विश्लेषक और विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अजय शुक्ला का मानना है कि भाजपा किसी भी चुनाव में टिकट देने से पहले संभावित उम्मीदवारों के बारे में हर पहलू से जानकारी जुटाती है। पार्टी का मुख्य लक्ष्य हमेशा चुनाव जीतने की संभावनाओं को मजबूत करना होता है, और विधायकों का यह सर्वे भी उसी चुनावी रणनीति का एक अहम हिस्सा है। फिलहाल, इस रिपोर्ट ने भाजपा के कई मौजूदा विधायकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी कितने पुराने विधायकों पर भरोसा कायम रखती है और कितने नए चेहरों को मैदान में उतारती है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


