उत्तराखंड में महिला को अगवा करने की कोशिश! शोर मचाने पर………..

देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला को कार सवार कुछ लोगों द्वारा जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के शोर मचाने और आसपास लोगों के जुटने पर कार सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
देहरादून में महिला को कार में खींचने की कोशिश
घटना सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास की है। पुलिस के अनुसार, बुधवार 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे एक महिला स्कूटी से सहस्रधारा रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान नालापानी चौक के पास काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने महिला को रोक लिया। आरोप है कि कार सवारों ने महिला को जबरन खींचकर कार में बैठाने का प्रयास किया।
लोगों की भीड़ देखें भागे कार सवार
महिला ने इस दौरान शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख कार सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली। महिला की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


