नैनीताल में पुलिसकर्मियों पर हमला: वर्दी फाड़ी, जान से मारने की धमकी, 13 पर मुकदमा

नैनीताल। शहर के समीपवर्ती भुजियाघाट क्षेत्र में मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से ही युवकों ने मारपीट कर दी। ज्योलीकोट चौकी में तैनात कांस्टेबल ने युवकों पर मारपीट, वर्दी फाड़ने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए है।
कांस्टेबल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद समेत 13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी कांस्टेबल राजेंद्र कुमार जोशी ने तल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि बीती रात चौकी के कांस्टेबल श्याम सिंह, पीआरडी भूपाल सिंह खाती यातायात व्यवस्था बनाने को भुजियाघाट चौकी की ओर रवाना थे।जबकि जाम लगने के कारण वह सड़क पर तैनात थे।
13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
इस बीच उसके फोन में क्षेत्र पंचायत सदस्य गौरव रमोला का फोन आया, लेकिन नेटवर्क दिक्कत होने के कारण बात नहीं हो सकी। इस बीच साथ में तैनात पीआरडी भूपाल सिंह खाती के मोबाइल पर फोन आया कि एक लाल रंग का वाहन संख्या यूके04-एए2613 होटल में खाना खाकर बिना भुगतान किये ज्योलीकोट की ओर आयी है।
सूचना मिलने पर वह दोनों अपने ड्यूटी प्वाइंट पर ही वाहन का इंतजार करने लगे। ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने से पूर्व ही वाहन रोक युवकों ने सूचना देने वाले के साथ मारपीट कर सड़क जाम कर दी। वह अन्य कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो दस से 15 युवक हमारे साथ भी मारपीट पर उतारू हो गए, युवकों ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी।
जब वह सूचना देने वाले को बचाकर चौकी लाने लगे तो सभी युवकों ने सड़क अवरुद्ध कर उसे जान से मारने की धमकी दी। हंगामा बढ़ने पर कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो युवक वाहन लेकर फरार हो गए। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पर भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती, हिमांशु बिष्ट व आठ अज्ञात लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 121(2), 126(2), 191(2), 221, 3(5), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


