मामूली विवाद को लेकर पति ने पत्नी की पाटल से की ह*त्या
आरोपी फरार राजस्व पुलिस मौके पर
जौनसार बावर के कालसी तहसील क्षेत्र स्थित कचटा गांव में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार (पाठल) से गर्दन पर वार कर नृशंस ह* त्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में राजस्व पुलिस जुटी हुई है।
कमरे में शुरू हुआ विवाद, बरामदे में उतारा मौत के घाट
जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी मनोज (जो खेती-बाड़ी का कार्य करता है) का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व नीलम के साथ हुआ था। गुरुवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर कमरे के भीतर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर नीलम जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए बरामदे की ओर भागी।
चीख-पुकार सुनकर घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल बाहर निकली। इसी दौरान आरोपी मनोज ने बरामदे में रखे पाठल से नीलम की गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। नीलम को लहूलुहान हालत में तड़पता छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी किशोरी पायल ने तुरंत इस घटना की सूचना परिजनों और ग्रामीणों को दी।
मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस, आला-ए-कत्ल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कालसी के नायब तहसीलदार रवींद्र असवाल और चकराता के नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल राजस्व पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (पाठल) मौके से बरामद कर लिया गया है।
चश्मदीद किशोरी पायल के बयान दर्ज करने के साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई है।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है। राजस्व पुलिस की टीमें फरार आरोपी मनोज की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


