नैनीताल: ज्योलीकोट में 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें

नैनीताल न्यूज़-नैनीताल के समीपवर्ती ज्योलीकोट क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह युवक का शव कमरे के भीतर पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ज्योलीकोट निवासी 19 वर्षीय निखिल गंगवार मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद परिजनों ने दरवाजे की जाली से अंदर झांककर देखा तो निखिल पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा। इसी दौरान सूचना पर ज्योलीकोट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने बताया कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति, परिवार के सदस्य या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।