नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर पहाड़ी दरकी, सड़क पर गिरे भारी बोल्डर मार्ग बंद

नैनीताल में रविवार सुबह नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरकने से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आ गिरे। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे दो गांव के पास हुई, जिसके बाद सड़क पूरी तरह मलबे और पत्थरों से पट गई और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। अचानक मार्ग बंद होने से कई वाहन और यात्री रास्ते में फंस गए, जबकि सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
भूस्खलन जिस समय हुआ, उस दौरान सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यही वजह रही कि बड़े बोल्डरों के सड़क पर गिरने के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहाड़ी इलाकों में लगातार बने भूस्खलन के खतरे के बीच इस घटना ने एक बार फिर नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा तथा बड़े बोल्डर हटाने का काम शुरू कर दिया। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल के अनुसार, मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के उद्देश्य से जेसीबी मौके पर भेजी गई है। टीम लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई है और यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


