हल्द्वानी कोतवाली में महिला दरोगा से अभद्रता! जेब से मोबाइल निकालते ही भड़का आरोपी, गाली-गलौज और धमकी के बाद पुलिस ने पकड़ा

हल्द्वानी महिला दरोगा से अभद्रता की खबर
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी में तैनात महिला दरोगा से अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। मटर गली में हंगामा करने की सूचना पर पहुंची महिला दरोगा के साथ आरोपी ने कथित तौर पर बदसलूकी की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मटर गली में एक व्यक्ति के हंगामा करने की सूचना मिली थी। बताया गया कि व्यक्ति व्यापारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी से महिला दरोगा दो पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं।
पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और महिला दरोगा को धमकाने लगा। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान महिला दरोगा ने आरोपी की जेब से मोबाइल फोन निकाला, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर भड़क गया और महिला दरोगा के साथ गाली-गलौज करने लगा।
मामला बढ़ता देख पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस के अनुसार कोतवाली में भी आरोपी ने महिला दरोगा को धमकी दी। उसने कथित तौर पर कहा कि उसने उनका चेहरा देख लिया है और अब वह मुख्यमंत्री से शिकायत करेगा।
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में उसके नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


