उत्तराखंड- कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान हंगामा, पुलिस ने भांजी लाठियां

देहरादून के DAV PG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव मतदान के दौरान वोट अपील पर हंगामा। पुलिस ने लाठीचार्ज कर कांग्रेस सचिव विनीत भट्ट को हिरासत में लिया।
देहरादून। प्रसिद्ध डीएवी पीजी कॉलेज (DAV PG College) में छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान मंगलवार को भारी हंगामा देखने को मिला। छात्राओं के मतदान केंद्र (बूथ) के बाहर वोट अपील को लेकर पुलिस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लाठियां भांजकर कार्यकर्ताओं को मौके से खदेड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ता और कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट तथा पार्षद रोबिन त्यागी छात्राओं के बूथ के ठीक बाहर खड़े होकर वोट मांगने लगे। प्रतिबंधित क्षेत्र में वोट की अपील की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) डालनवाला नितिन लोहानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को तुरंत वहां से हटने के निर्देश दिए।
पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद कार्यकर्ता मौके से हटने के बजाय पुलिस टीम से ही उलझ गए। देखते ही देखते कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के जवानों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया।
इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट को मौके से हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन ने सभी छात्र संगठनों के समर्थकों को मतदान केंद्र के निर्धारित दायरे से बाहर रहने की कड़ी चेतावनी दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


