उत्तराखंड- सेना के ट्रक का ब्रेक फेल, अनियंत्रित होकर यूटिलिटी से टकराया, चार महिलाएं घायल

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

army truck break fail in dehradun chakrata

देहरादून जिले की कालसी तहसील के सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर सेना का एक ट्रक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया। हादसे में सड़क किनारे दुकान के पास बैठी चार महिलाएं ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गईं। ट्रक ने आगे चलकर एक यूटिलिटी वाहन को भी टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया।

सेना के ट्रक का ब्रेक फेल

जानकारी के अनुसार, सेना का ट्रक समाल्टा की ओर से सहिया की तरफ आ रहा था। सहिया के पास ढलान वाले हिस्से में अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन ढलान के कारण ट्रक की रफ्तार पर काबू नहीं पाया जा सका।

हादसे में चार महिलाएं घायल

अनियंत्रित ट्रक आगे बढ़ता हुआ मोड़ पर खड़ी एक यूटिलिटी से जा टकराया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान के पास पहुंचा, जहां कुछ महिलाएं बैठी हुई थीं। ट्रक की चपेट में आने से चार महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में यूटिलिटी वाहन को भी नुकसान पहुंचा।

तीन महिलाओं की हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी सहिया में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में असाड़ी देवी (65), सीमा देवी (45), शिखा (18) और ढेकूटी देवी (60) घायल हुई हैं। चिकित्सकों के अनुसार, चारों का उपचार किया गया, जबकि तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों से हादसे के संबंध में जानकारी ली। सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि सेना के वाहन को पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद सहिया क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS