उत्तराखंड- भाजपा का 2027 रोडमैप तैयार ! कोर कमेटियां तय करेंगी किसे मिलेगा टिकट

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें
भाजपा

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा ने इस बार एक नई चुनावी रणनीति पर काम शुरू किया है। पार्टी ने पहली बार राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर अलग-अलग कोर कमेटियों का गठन किया है, जो चुनावी समीकरण तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

भाजपा का मानना है कि चुनाव जीतने के लिए सिर्फ संगठन की मजबूती ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जनभावनाओं को समझना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से गठित की गई ये कोर कमेटियां संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों की कार्यशैली, लोकप्रियता और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का लगातार आकलन करेंगी।

इन कमेटियों में सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, मेयर, नगर निकाय अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष जैसे अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। यह टीम न केवल क्षेत्रीय राजनीतिक हालात पर नजर रखेगी, बल्कि चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को भी मजबूती देगी।

सूत्रों के अनुसार, कोर कमेटियां यह भी मूल्यांकन करेंगी कि वर्तमान विधायक अगले चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने की स्थिति में हैं या नहीं। साथ ही विधानसभा क्षेत्र में मौजूद अन्य संभावित दावेदारों की ताकत और जनाधार का भी आकलन किया जाएगा। इन रिपोर्टों के आधार पर उम्मीदवारों की सूची तैयार होकर राज्य नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचेगी।

भाजपा ने अपने विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव के समय जनता से किए गए वादों को समय रहते पूरा करें। यदि किसी क्षेत्र में जनता के बीच असंतोष या नाराजगी है तो उसे दूर करने के लिए तत्काल प्रयास किए जाएं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि केवल वही उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे जिनकी पकड़ जनता के बीच मजबूत होगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नई व्यवस्था के चलते कई सीटों पर टिकट वितरण में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे विधायक जिनकी लोकप्रियता घटी है, उनके टिकट पर खतरा मंडरा सकता है, जबकि मजबूत जनाधार वाले नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि हर विधानसभा सीट की कोर कमेटी स्थानीय मुद्दों, बूथ प्रबंधन और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का रोडमैप तैयार कर रही है। उनका दावा है कि यह नई रणनीति भाजपा की तीसरी लगातार जीत की नींव को और मजबूत करेगी।

ADVERTISEMENTS