करवा चौथ पर दर्दनाक हादसा: पति की लंबी उम्र की दुआ मांग रही पूनम की सड़क दुर्घटना में मौत, भाई के साथ अस्पताल से लौटते समय ट्रक ने कुचला

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तर प्रदेश के कानपुर में करवा चौथ के पावन अवसर पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पति की लंबी उम्र, सलामती और सुखी दांपत्य जीवन के लिए निर्जला व्रत रखने वाली पूनम के परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। बीमार बहन का हाल-चाल लेने के बाद भाई के साथ बाइक से घर लौट रही सुहागिन पूनम को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ADVERTISEMENTS

अस्पताल में भर्ती बहन को देखने गई थीं पूनम, लौटते वक्त रास्ते में मिली मौत

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित रूमा में गुरुवार दोपहर यह भीषण दुर्घटना घटी। पुलिस व परिजनों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महाराजपुर के नौगवां निवासी आशीष अपनी 40 वर्षीय बहन पूनम (निवासी शिवपुरी, सरसौल) को बाइक पर बैठाकर रावतपुर स्थित एक अस्पताल गए थे, जहां उनकी दूसरी बहन भर्ती थीं।

बहन से मिलकर दोनों भाई-बहन बाइक से वापस घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कानपुर से फतेहपुर जाने वाली लेन पर रूमा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही तोड़ा दम, भाई भी घायल

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे आशीष सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए, जबकि पूनम उछलकर सीधे सड़क के बीचों-बीच जा गिरीं। रफ्तार में आ रहा ट्रक पूनम को कुचलते हुए आगे निकल गया। इस भीषण हादसे में पूनम की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। पूनम के पति गोविंद और अन्य परिजनों को जैसे ही हादसे की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया। करवा चौथ के दिन हुए इस हादसे ने पूरे सरसौल क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी ट्रक चालक की तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हाइवे और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की कोशिशें जारी हैं।

ADVERTISEMENTS