Kal Ka Mausam: कल 17 राज्यों में आएगी भीषण बारिश, 80km/h की रफ्तार से आंधी का अलर्ट; दिल्ली में गिरेगा पारा, यूपी में लू का कहर,उत्तराखंड का जाने हाल
Kal Ka Mausam 19 June: देश के मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह से बदलने वाला है। उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मानसून की सक्रियता और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते मौसम विभाग (IMD) ने कल, यानी 19 जून शुक्रवार को देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और भीषण आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ राज्यों में हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD के मुताबिक, फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा इस समय महाराष्ट्र के हरनाई और सोलापुर, तेलंगाना के हैदराबाद, ओडिशा के कोरापुट, फूलबनी, झारखंड के रांची और बिहार के जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। तोआइए जानते हैं कल आपके राज्य में मौसम कैसा रहने वाला है।
कल दिल्ली-NCR का मौसम (Kal Ka Mausam Delhi NCR)
दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में रहने वाले लोगों को कल उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर के समय बहुत हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में पश्चिमी हवाएं चलेंगी जो शाम होते-होते 25 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ लेंगी। इसके बाद 20 और 21 जून को भी आंधी का दौर जारी रहेगा, जिससे पारे में गिरावट आएगी।
कल उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम (Kal Ka Mausam Uttar Pradesh)
एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में फिलहाल सूरज की तपिश का सितम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 19 से 24 जून तक लू चलने की चेतावनी दी है। मेरठ, बिजनौर, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, कानपुर देहात, लखनऊ, बलरामपुर, गोंडा, उन्नाव, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर में 19 जून को हीटवेव का अलर्ट है। हालांकि, कुछ इक्का-दुक्का स्थानों पर गरज-चमक के साथ स्थानीय स्तर पर बहुत हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
कल बिहार का मौसम कैसा रहेगा (Kal Ka Mausam Bihar)
इस समय मानसून बिहार के मुजफ्फरपुर और जमुई से होकर गुजर रहा है, तो यहां बारिश की भी संभावना काफी प्रबल दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने 19 जून को राज्य के बड़े हिस्से में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बांका, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बेगुसराय, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, गया और राजधानी पटना में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने समस्तीपुर जिले के लिए भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने का भी खतरा है। यह सिलसिला 22 जून तक रुक-रुक कर जारी रहेगा।
हरियाणा और पंजाब में कल कैसा रहेगा मौसम (Kal Ka Mausam Punjab Haryana)
राजस्थान और पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने और पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हरियाणा और पंजाब में आज रात से ही मौसम बिगड़ना शुरू हो जाएगा। हरियाणा में 19 से 23 जून के बीच मौसम बदलता रहेगा। यहां धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, मुक्तसर और बठिंडा समेत राज्य के 9 प्रमुख जिलों में 19 से 22 जून तक आंधी और छिटपुट बारिश का येलो अलर्ट है। यहां हवा की गति 40 से 60 किमी/घंटा रह सकती है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम (Kal Ka Mausam Himachal Pradesh Uttarakhand)
पहाड़ी राज्यों में कल प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश में IMD ने शिमला, मंडी और कुल्लू में 19 जून को मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा और कांगड़ा में येलो अलर्ट रहेगा। 19 से 22 जून के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अंधड़ के साथ ओलावृष्टि की आशंका है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। पहाड़ी रास्तों पर सफर करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।
कल पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल में मौसम कैसा रहेगा (Kal Ka Mausam North East West Bengal)
पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए आगामी कुछ दिन बेहद संवेदनशील हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 24 जून के बीच अत्यंत भारी बारिश होने के आसार हैं। विशेष रूप से असम और मेघालय में 19 से 22 जून के दौरान बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का पूर्वानुमान है।
मध्य, पश्चिमी और दक्षिण भारत का हाल
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 19 जून को 50 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होगी।
राजस्थान की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 19 जून को धूलभरी आंधी (Dust Storm) चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किमी/घंटे तक जा सकती है। वहीं ओडिशा में राज्य में 19 जून को 70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 19 जून को व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। IMD ने कहा है कि जिन राज्यों में आंधी और बिजली गिरने (वज्रपात) का अलर्ट जारी किया गया है, वहां के लोग खराब मौसम के दौरान पेड़ों, ढीले ढांचों और बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने से बचें। किसान भाई भी मौसम के इस ताजा पूर्वानुमान को देखकर ही फसलों की कटाई या सिंचाई का फैसला लें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


