उत्तराखंड के इन विधायकों को ‘गैरसैंण’ में लगती है ठंड, 24 नामों का हुआ खुलासा

ख़बर शेयर करें



उत्तराखंड सरकार एक तरफ पलायन रोकने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके लिए सरकार ने प्रदेश में पलायन केंद्र भी बना रखा है। वहीं उत्तराखंड के विधायक ही पहाड़ में रहना नहीं चाहते हैं। यहां तक की गैरसैंण में सत्र में जाने से विधायकों की हालत खराब हो जाती है। विधायकों ने 26 फरवरी को हुई विधान सभासत्र में न जाने के लिए सरकार को चिट्ठी लिखी थी। जिसके बाद सत्र को देहरादून में कराया गया। अब ऐसे 24 विधायकों के नाम का खुलासा हुआ है वहीं 14 नामों पर सस्पेंस बरकरार है।

Ad
Ad


उत्तराखंड के इन विधायकों को ‘गैरसैंण’ में लगती है ठंड
विधानसभा सत्र को गैरसैंण में नहीं कराये जाने के पक्ष में सरकार को लेटर लिखने वाले विधायकों के नाम सामने आए हैं। देहरादून में मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह आनंद ने इसका खुलासा किया है। रविंद्र सिंह आनंद ने 26 फरवरी को 2024 को देहरादून में हुए विधानसभा सत्र (जो गैरसैंण में प्रस्तावित था) को गैरसैंण में नहीं कराए जाने के पक्ष में लिखित पत्र को सार्वजनिक करते हुए 24 विधायकों के नाम का खुलासा किया है।

RTI से हुआ नामों का खुलासा
रविंद्र सिंह आनंद विधायकों के नाम को लेकर विधानसभा कार्यालय में सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी। उसके बाद उन्होंने अपील करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय सचिवालय में आरटीआई के तहत नाम को सार्वजनिक किए जाने को लेकर एक पत्र प्रेषित किया.इसके जवाब में मुख्यमंत्री कार्यालय सचिवालय द्वारा जानकारी उपलब्ध कराई गई।

जिनमें केवल 24 विधायकों के नाम का ही खुलासा किया गया है। उन्होंने बताया कि चिट्ठी लिखकर गैरसैंण में सत्र न कराए जाने के पक्षधर विधायकों में से तीन कांग्रेस, एक निर्दलीय विधायक भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर 14 विधायकों के नामों का अभी भी खुलासा नहीं किया जा रहा है।

24 नामों का हुआ खुलासा
संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले विधायकों में आदेश चौहान विधायक रानीपुर, दुर्गेश लाल विधायक पुरोला, सहदेव सिंह पुंडीर सहसपुर, प्रमोद नैनवाल रानीखेत विधानसभा, भूपाल राम टम्टा थराली विधानसभा, अरविंद पांडे गदरपुर, कांग्रेसी विधायक तिलक रोड बेहड़ किच्छा विधानसभा, विधायक गोपाल सिंह राणा नानकमत्ता विधानसभा, बिशन सिंह चुफाल डीडीहाट विधानसभा, प्रदीप बत्रा रुड़की, कैंट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता कपूर, लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र से विधायक दिलीप रावत, काशीपुर विधानसभा के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा शामिल हैं।

इसके साथ ही डोईवाला विधानसभा से विधायक बृजभूषण गैरोला, पौड़ी विधायक राजकुमार, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार, लाल कुआं से विधायक डॉक्टर मोहन सिंह बिष्ट, भीमताल विधानसभा से राम सिंह कैड़ा, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, गंगोलीहाट के विधायक फकीर राम, राजपुर विधायक खजान दास, हल्द्वानी के कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट भी शामिल हैं।

रविंद्र आनंद पर भाजपा प्रवक्ता पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने रविंद्र आनंद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा की रविंद्र आनंद जो आम आदमी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं वो हरिद्वार और देहरादून से ऊपर नहीं बढ़े तो उन्हें पहाड़ों का क्या दर्द याद होगा। उन्हें पहाड़ों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा की विधायकों की परिस्थितियां ऐसी रही होंगी। उन्होंने अपनी मजबूरियों को सामने रखा होगा इसीलिए सत्र नहीं हुआ। लेकिन सरकार गैरसैंण में सत्र करने के लिए संजीदा है और आगामी समय में देहरादून और गैरसैंण दोनों जगह सत्र कराए जाएंगे।

विधायकों को ठंड लग रही है तो सरकार गर्म कपड़ों का करें इंतजाम
सत्ता और विपक्ष दोनों के विधायकों के नाम सामने आने के बाद दोनो पार्टियां बचती हुई नजर आ रही हैं। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री को सर्वदलीय बैठक बुलाकर राजधानी का मामला सैटल करना चाहिए। उन्होंने कहा की कांग्रेस का पक्ष है कि हम गैरसैंण में राजधानी चाहते हैं। लेकिन विधायकों को अगर ठंड लग रही है तो सरकार गर्म कपड़ों का, हीटर का इंतजाम करे ताकि बेचारों को ठंड न लगे।


उत्तराखंड के इन विधायकों को ‘गैरसैंण’ में लगती है ठंड, 24 नामों का हुआ खुलासा