भाजपा सांसद परिवार को बम से उड़ाने की धमकी के पीछे की वजह क्या? मामले ने पकड़ा तूल

ख़बर शेयर करें

शाहजहांपुर में भाजपा सांसद अरुण सागर के बेटे पर फायरिंग और पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

भाजपा सांसद परिवार को बम से उड़ाने की धमकी के पीछे की वजह क्या? मामले ने पकड़ा तूल
भाजपा सांसद अरुण सागर (फोटो सोर्स-इंटरनेट)

Shahjahanpur: भाजपा सांसद अरुण सागर के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोपी नीटू सिंह के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

क्या है पूरा मामला?

शहर की साउथ सिटी कॉलोनी निवासी भाजपा सांसद अरुण सागर के बेटे अंकित सागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 27 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी गाड़ी से जा रहे थे। तभी कॉलोनी में पंकज पांडेय के आवास के बाहर राघवेंद्र उर्फ नीटू सिंह ने उन्हें रोक लिया और जातिसूचक गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें गाड़ी से खींचकर निकालने की कोशिश की और जान से मारने की नीयत से फायर भी किया।

धमकी का वायरल ऑडियो

घटना के बाद जब भीड़ जमा हो गई तो नीटू सिंह ने मौके से भागते हुए पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी। इसके बाद उसने पंकज पांडेय को फोन कर सांसद अरुण सागर और उनके परिवार के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

कौन है आरोपी?

जानकारी के अनुसार आरोपी नीटू सिंह मूल रूप से कन्नौज जिले के थाना तालग्राम क्षेत्र के जरमऊ अलगापुर गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह शाहजहांपुर की साउथ सिटी कॉलोनी में रह रहा था, जहां घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और विवादों की भी जांच कर रही है।

इस मामले में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आखिर आरोपी ने सांसद परिवार को बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी क्यों दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे किसी आपसी विवाद या पुरानी रंजिश की भूमिका हो सकती है।