उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में बहुत डरावने हैं सड़क हादसों के आंकड़े, 11 माह में 356 दुर्घटनाएं, 229 की मौत, 338 घायल
ऊधम सिंह नगर में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है, जहां जनवरी 2026 से अब तक 356 दुर्घटनाओं में 229 लोगों की मौत हुई और 338 घायल हुए।
, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। जनवरी से अब तक वर्ष 2026 में जिले के जसपुर, काशीपुर, कुंडा, आइटीआई, बाजपुर, दिनेशपुर, गदरपुर, पंतनगर, रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा और झनकइया में 356 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं।
इन हादसों में 229 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 338 लोग घायल हुए हैं। कुमाऊं में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या के मामले में ऊधम सिंह नगर पहले स्थान पर है। औद्योगिक गतिविधियों के चलते जिले की सड़कों पर भारी वाहनों के साथ ही छोटे वाहनों का दबाव भी अधिक रहता है।
इसके बावजूद हादसों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर रही हैं। मंगलवार को गावा चौक पर हुए हादसे में एक और परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। हादसे में पल्लेदार प्रताप कोली की जान चली गई।पत्नी और तीन बच्चों को बेसहारा छोड़ गया प्रताप
काशीपुर हाईवे पर नवोदय स्कूल के सामने गावा चौक पर मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 12 टायरा वाहन की चपेट में आने से पल्लेदार प्रताप कोली की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है।
प्रताप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मूलरूप से रामपुर जिले के केमरी क्षेत्र का रहने वाला प्रताप करीब 30 वर्षों से परिवार के साथ रुद्रपुर में रह रहा था। वह पल्लेदारी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
दो वाहनों के बीच से निकलने के प्रयास में हादसा
पुलिस के अनुसार, प्रताप बाइक पर अपने मामा के साथ जा रहा था। गावा चौक के पास हाईवे पर वह 12 टायरा वाहन और ट्रक के बीच से निकलने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान वह 12 टायरा वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


