हल्द्वानी: आठ दिन से लापता 16 वर्षीय किशोर का एसटीएच की मॉर्चरी में मिला शव

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। दीपावली की रात पटाखे खरीदने के लिए घर से निकले 16 वर्षीय किशोर का आठ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किशोर का शव सोमवार को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) की मॉर्चरी में मिला। शव की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोर की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ADVERTISEMENTS

जानकारी के अनुसार, वनभूलपुरा के सती कॉलोनी, शनि बाजार रोड निवासी दिनेश कुमार का बेटा हर्ष आठ नवंबर को दीपावली की शाम करीब 1700 रुपये लेकर पटाखे खरीदने के लिए घर से निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह जल्द वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।नौ नवंबर को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने एसटीएच में भर्ती एक अज्ञात घायल किशोर के संबंध में जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन किशोर के मुंह में नली लगी होने और उसकी गंभीर हालत के चलते वे तत्काल उसकी पहचान नहीं कर सके।बताया गया कि 15 नवंबर को उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई थी। सोमवार को मॉर्चरी में रखे शव की पहचान हर्ष के रूप में हुई। आठ दिनों से बेटे की तलाश कर रहे परिवार को जब उसकी मौत की खबर मिली तो घर में मातम छा गया।

दोस्तों के साथ विवाद और धमकी का आरोप
हर्ष की मां मोनिका ने बताया कि नौ नवंबर की रात कुछ युवक उनके घर आए थे। उन्होंने हर्ष के साथ स्कूटी से जाने की बात कही थी। इस दौरान एक युवक ने हर्ष को पीटने की धमकी भी दी थी। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हुई है।परिजनों ने कुछ युवकों पर हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पुलिस ने स्कूटी कब्जे में ली, जांच जारी
एसपीओ वनभूलपुरा डीएस फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने संबंधित स्कूटी को कब्जे में ले लिया है। हर्ष का दोस्तों के साथ कोई विवाद हुआ था या उसे धमकी दी गई थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS