अफेयर का शक, हैवान बना पति, पत्नी को कुर्सी से बांधा, पेट्रोल डाल जला दिया जिंदा, Video
husband burns wife alive (Photo From X)
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालने और जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और उसे लगता था कि उसका किसी दूसरे युवक से अफेयर चल रहा है। गुरुवार सुबह कथित तौर पर इसी विवाद के चलते उसने खौफनाक कदम उठा लिया।
पत्नी आग की लपटों में घिरी रही और आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुखबीर सिंह उर्फ मोनू (35) बताया गया है। घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर है।
कुर्सी से बांधा, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग:
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे सुखबीर ने सोनम को कुर्सी से बांध दिया। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से भाग निकला।
आग इतनी भयानक, कोई नहीं कर पाया बचाने की हिम्मत:
मकान से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, आग इतनी भयानक थी कि कोई भी महिला को बचाने के लिए घर के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद जब वे घर के अंदर पहुंचे तो वहां सोनम का शव बुरी तरह जल चुका था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसका कंकाल मिला।
11 साल पहले की थी लव मैरिज:
सुखबीर मूल रूप से जगतपुर गांव का रहने वाला है। वह पिछले करीब 14 साल से हरियाणा के हिसार में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात शिकोहाबाद की रहने वाली सोनम से हुई। सोनम भी निजी नौकरी करती थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब 11 साल पहले उन्होंने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों हिसार में रहने लगे। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 7 साल का और बेटी 5 साल की है।
पत्नी के अफेयर को लेकर पहले भी हुआ था विवाद:
बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले सुखबीर को सोनम के किसी दूसरे युवक के साथ संबंध होने का शक हुआ था। आरोप है कि उसने सोनम को किसी युवक के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद वह उसे गांव छोड़ आया।
2 दिन पहले ही आया था छुट्टी पर:
पुलिस के मुताबिक, गांव में रहने के दौरान भी पत्नी के कथित अफेयर को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। दो दिन पहले ही दिवाली की छुट्टी पर सुखबीर गांव आया था। इस दौरान उसे गांव के कुछ लोगों से पत्नी के संबंधों को लेकर जानकारी मिली। इसके बाद पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ। मामला सिकंदरपुर चौकी तक भी पहुंचा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर सुखबीर गुस्से में था। गुरुवार सुबह वह घर से निकला और करीब आधे घंटे बाद बोतल में पेट्रोल लेकर वापस लौटा। इसके बाद उसने कथित तौर पर सोनम को आग के हवाले कर दिया।
चाचा बोले-अंदर से चीख रही थी सोनम:
सुखबीर के चाचा जितेंद्र ने बताया कि वारदात के बाद उनका भतीजा दोनों बच्चों को लेकर चला गया। उन्होंने कहा कि सोनम घर के अंदर चीख रही थी, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी उसे बचाने के लिए अंदर नहीं जा सका।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस:
घटना की सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक करने की बात सामने आई है। दो दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और इसकी शिकायत चौकी पुलिस तक पहुंची थी। आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


