प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया’ बूथ जीता चुनाव जीता’ का मंत्र

ख़बर शेयर करें

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने अपनी सारी तैयारियां कर ली है और इस बीच उत्तराखंड के दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्त्‍ताओं को ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ का मंत्र दिया। साथ ही बूथ प्रबंधन के मद्देनजर टिप्स भी दिए।उत्तराखंड में भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक फैला हुआ है। प्रदेश के 11235 बूथों तक उसकी इकाइयां गठित हैं। अब बूथ इकाइयों को सक्रिय करने पर पार्टी ने ध्यान केंद्रित किया है। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ में पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा रही है।

Ad
Ad

इसके तहत प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची के प्रत्येक पृष्ठ की जिम्मेदारी किसी वरिष्ठ कार्यकर्त्‍ता को दी जाती है। इन्हें ही पन्ना प्रमुख कहा जाता है। पन्ना प्रमुखों के पास उसे दी गई मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं तक निरंतर संपर्क करने के साथ ही उन्हें केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देने का दायित्व होता है।

पार्टी ने प्रांतीय, जिला, मंडल व शक्ति केंद्रों के पदाधिकारियों को बूथों को सक्रिय करने के साथ ही पन्ना प्रमुखों से संपर्क की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने भी प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक में बूथ प्रबंधन पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रत्येक बूथ इकाई सक्रिय होनी चाहिए। साथ ही पन्ना प्रमुखों को पार्टी के कार्यक्रमों और केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से लैस किया जाना चाहिए। ऐसा होने पर वे अपडेट तो रहेंगे ही, अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को भी इसकी जानकारी देंगे।