सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिरजू मयाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ी, मुकदमा दर्ज

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिरजू मयाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जमानत पर जेल से बाहर आने के कुछ दिन बाद ही उनके खिलाफ रामनगर में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बार एक महिला ने उन पर अभद्रता, हाथापाई, कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

ADVERTISEMENTS

महिला की शिकायत पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने 21 नवंबर को FIR दर्ज की। पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति की गैरमौजूदगी में बिरजू मयाल कथित तौर पर सरकारी आवास में घुसे। इस दौरान उन्होंने महिला और उसकी बेटी के साथ अभद्रता की। महिला ने शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।

5 धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने FIR नंबर 368/2026 दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 115(2), 351(3), 352 और 333 लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले अस्पताल में डॉक्टर से विवाद के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

बिरजू मयाल इससे पहले सितंबर 2026 में भी विवादों में आए थे। 9 सितंबर को वे रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने को लेकर सवाल उठाते हुए वीडियो बनाया था।

अस्पताल के CMS डॉ. तपन शर्मा ने आरोप लगाया था कि मयाल ने डॉक्टरों और कर्मचारियों के काम में बाधा डाली और अस्पताल की छवि खराब की। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में वे जमानत पर बाहर आ गए थे।
बिरजू मयाल पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे

बिरजू मयाल मूल रूप से नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे सोशल मीडिया पर ‘Birju Mayal News Today’ नाम से सक्रिय हैं। अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और जनसमस्याओं से जुड़े वीडियो पोस्ट करते हैं। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

सितंबर 2026 में रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में वीडियो बनाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। 16 सितंबर को कोर्ट से इस मामले में जमानत मिल गई थी। इसके बाद 19 सितंबर को रामनगर कोतवाली में हंगामा करने और सरकारी रजिस्टरों को इधर-उधर करने के आरोप में उन्हें फिर गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में भी उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।

इससे पहले भी उनके खिलाफ कालाढूंगी, रामनगर और अन्य थानों में अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आती रही है। इनमें मारपीट, धमकी, सरकारी काम में बाधा और महिला से अभद्रता जैसे आरोप शामिल हैं।

ADVERTISEMENTS