उत्तराखंड: देर रात थराली में बादल फटने से तबाही! युद्ध स्तर पर राहत बचाव कार्य जारी, कुछ लोग लापता.. वीडियो..




उत्तराखंड के चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की भयावह घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। 22 अगस्त की रात करीब 12:48 बजे टुनरी गदेरे में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से तहसील परिसर, चेपड़ो बाजार, कोटद्वीप बाजार और आसपास के घरों में 1 से 2 फीट तक मलबा भर गया। कई वाहन मलबे में दब गए, वहीं ग्राम सगवाड़ा में एक मकान पर मलबा आने से एक लड़की के दबने की दुखद सूचना मिली, जिसे निकालने का प्रयास तेज़ी से जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील प्रशासन, सिविल पुलिस, डी.डी.आर.एफ., फायर सर्विस, एन.डी.आर.एफ. और एस.डी.आर.एफ. की टीमें तुरंत मौके पर रवाना हो गईं।

जानकारी के अनुसार, थराली तहसील के टूनरी गदेरा में बादल फटने से थराली तहसील परिसर में काफी मलबा आ गया, घरों में भी मलबा आ गया है, तहसील परिसर में कुछ गाड़ियां भी मलबे में दबी हैं। थराली के चेपड़ों में भारी नुकसान हुआ है। यहां तीन से अधिक दुकानें बहने की सूचना है।
मलबे से कई घरों को नुकसान हुआ है। थराली बाजार भी मलबे से पट गया है। कई वाहन मलबे के साथ बहकर सड़क से लोगों के घरों तक पहुंच गए हैं। थराली-सागवाड़ा मार्ग भी बंद है। थराली- ग्वालदम मार्ग मिंग्गदेरा में बंद है।
सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति के मलबे में दबने की सूचना है। जबकि इसी गांव में 20 वर्षीय लड़की की मलबे में दबे होने की जानकारी मिल रही है। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम गौचर से घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है।
वहीं, आज तीनों विकासखंडों थराली, देवाल और नारायणबगड़ के सभी स्कूलों में भारी बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया है।
गौचर से एन.डी.आर.एफ. और आई.टी.बी.पी., जबकि ग्वालदम से एस.एस.बी. की टीमें राहत-बचाव कार्य के लिए भेजी गईं। आधे घंटे में एस.डी.आर.एफ. भी थराली पहुंच रही है ताकि मलबे में दबे लोगों और वाहनों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और कहा है कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर राहत-बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में रहकर हालात की निगरानी करने की बात कही और प्रभावित परिवारों के सकुशल होने की ईश्वर से प्रार्थना की।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें