एक पति, तीन पत्नियां… तीनों सगी बहनें थीं, फिर तीनों का हुआ एक जैसा अंत!

ख़बर शेयर करें

हरदोई के अरवल क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद 28 वर्षीय विवाहिता की भी मौत हो गई। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। मामले ने तब और रहस्य बढ़ा दिया, जब सामने आया कि विवाहिता की दो बहनों की भी पहले ऐसी ही मौत हुई थी।

एक पति, तीन पत्नियां… तीनों सगी बहनें थीं, फिर तीनों का हुआ एक जैसा अंत!
सुबह खेत के पास मिली युवक की मौत की जानकारी

Hardoi: हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के लालपुर हैदराबाद गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक घटना के बाद दो लोगों की मौत ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। बृहस्पतिवार रात घर से निकले 18 वर्षीय जनवेश की शुक्रवार सुबह मौत की जानकारी मिली। इसके कुछ ही समय बाद गांव की 28 वर्षीय विवाहिता सरोजनी की भी मौत हो गई। दोनों घटनाओं को लेकर परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सुबह खेत के पास मिली युवक की मौत की जानकारी

लालपुर हैदराबाद निवासी जनवेश राजस्थान की एक फैक्टरी में काम करता था और करीब 12 दिन पहले ही गांव लौटा था। उसके भाई पिंटू के अनुसार, जनवेश का गांव की रहने वाली सरोजनी से प्रेम प्रसंग था। बताया गया कि बृहस्पतिवार रात वह घर से निकला था, जिसके बाद उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास उसे मृत अवस्था में देखा और परिजनों को सूचना दी।

कुछ ही देर बाद विवाहिता की भी मौत

जनवेश की मौत की जानकारी फैलने के करीब एक घंटे बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सरोजनी भी मृत मिली। दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई। अरवल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों परिवारों के आरोप अलग-अलग

जनवेश के भाई पिंटू का आरोप है कि सरोजनी ने रात में जनवेश को मिलने के लिए बुलाया था। वहीं सरोजनी की सास बिटोली का आरोप है कि जनवेश की मौत की जानकारी मिलने के बाद पिंटू उनके घर पहुंचा और विवाद हुआ। इसके बाद सरोजनी घर से निकल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों को जांच में शामिल किया है।

क्षेत्राधिकारी प्रवीण यादव के मुताबिक, दोनों मृतकों के परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। प्राथमिक जांच में दोनों की मौत आत्महत्या के रूप में सामने आई है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मौत से पहले सोशल मीडिया पर लगाई थी स्टोरी

पुलिस के अनुसार, जनवेश ने मौत से पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी तस्वीर के साथ एक भावुक गीत की पंक्तियों वाली स्टोरी लगाई थी। दोस्तों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की। इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

तीन बहनों की मौत से गहराया रहस्य

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात सरोजनी के वैवाहिक परिवार से जुड़ी है। जानकारी के मुताबिक, सरोजनी के पति खुशीराम की इससे पहले दो शादियां उसकी बड़ी बहनों से हुई थीं। दोनों बड़ी बहनों की भी करीब तीन-तीन साल के अंतराल में आत्महत्या से मौत हुई थी। अब सरोजनी की भी मौत हो गई है।

तीनों बहनों की शादियां एक ही व्यक्ति से हुईं और किसी भी विवाह से संतान नहीं हुई। लगातार हुई इन मौतों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि इन घटनाओं के बीच किसी आपराधिक संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब मौजूदा मामले के साथ पुराने दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौतों की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

ADVERTISEMENTS Ad