चुनाव से पहले BJP के कई दिग्गज थाम सकते हैं कांग्रेस का हाथ! मिले 600 आवेदन, पूर्व मंत्री भी वापसी के इच्छुक
कांग्रेस ने पार्टी छोड़कर दूसरे राजनीतिक दलों में गए नेताओं को वापस जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए घर वापसी अभियान शुरू किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मुताबिक, कांग्रेस में दोबारा शामिल होने की इच्छा जताते हुए अब तक 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 200 से ज्यादा ऐसे नेता और पदाधिकारी शामिल हैं, जो पहले पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी छोड़कर दूसरे राजनीतिक दलों में गए नेताओं को वापस जोड़ने की कवायद तेज कर दी है।
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी छोड़कर दूसरे राजनीतिक दलों में गए नेताओं को वापस जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए घर वापसी अभियान शुरू किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मुताबिक, कांग्रेस में दोबारा शामिल होने की इच्छा जताते हुए अब तक 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 200 से ज्यादा ऐसे नेता और पदाधिकारी शामिल हैं, जो पहले पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) में विधायक आरिफ मसूद के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी ने इस अभियान से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पार्टी में लौटने के इच्छुक लोगों में पूर्व अध्यक्षों के साथ पूर्व विधायक, विधायक, पूर्व मंत्री तथा अन्य पदों पर काम कर चुके नेता शामिल हैं। इन आवेदनों के जरिए कांग्रेस अब उन नेताओं को दोबारा अपने संगठन से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जो किसी कारणवश पार्टी छोड़कर चले गए थे।
जिला स्तर पर तय होगी नेताओं की वापसी
कांग्रेस में वापसी चाहने वाले प्रत्येक नेता के मामले में संबंधित जिला इकाई की राय को महत्वपूर्ण माना जाएगा। जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को पार्टी में दोबारा शामिल करने का फैसला संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी की सहमति के आधार पर लिया जाएगा। जिला स्तर पर सहमति मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्यता से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी।
इस व्यवस्था के जरिए पार्टी स्थानीय संगठन की राय को प्राथमिकता देते हुए वापसी के मामलों पर निर्णय लेना चाहती है। इससे यह भी तय होगा कि संबंधित नेता की अपने क्षेत्र में राजनीतिक भूमिका और संगठन के साथ उसका जुड़ाव किस तरह रहा है।
दूसरे दलों के नेता भी कांग्रेस में आने के इच्छुक
जीतू पटवारी के अनुसार, केवल कांग्रेस छोड़कर गए नेता ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ लोग भी कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं। पार्टी इन प्रस्तावों पर भी संगठनात्मक स्तर पर विचार करेगी। हालांकि, आवेदन मिलना अपने आप में सदस्यता की मंजूरी नहीं है। अंतिम प्रक्रिया निर्धारित सहमति और संगठनात्मक निर्णय के बाद ही आगे बढ़ेगी।
उचित समय पर सार्वजनिक होगी सूची
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि घर वापसी के लिए आवेदन करने वाले नेताओं की सूची उचित समय पर सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल पार्टी स्तर पर आवेदनों और संबंधित नेताओं के मामलों पर प्रक्रिया जारी है।
600 से अधिक आवेदन मिलने का दावा ऐसे समय सामने आया है, जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने और पुराने नेताओं को फिर से साथ लाने की कोशिश कर रही है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि इन आवेदनों में से किन नेताओं को पार्टी में वापसी की मंजूरी मिलती है और इसका प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


