उत्तराखंड में ममता हुई शर्मसार,नाले में मिला नवजात, जानें पूरा मामला

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

खबर शेयर करें –

उत्तराखंड में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आम रास्ते के किनारे स्थित एक नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। नवजात के मुंह में रबर ठूंसा हुआ था। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ से उसकी जान बच गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला चमोली जिले से कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव का है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक महिला गोशाला जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। महिला ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे।

ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि नवजात के मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर फंसा हुआ था। उन्होंने सावधानीपूर्वक रबर बाहर निकाला, जिसके बाद पता चला कि नवजात की सांसें चल रही हैं। इसके बाद बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चमोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad