भाजपा में बिना सहमति दे दिया पद, नेताओं ने खुद को बताया कांग्रेसी
N
MP Politics: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की नियुक्तियों को लेकर विवाद।
HighLights
- पार्टी ने आलीराजपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप गोजा और नानपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुजीत चौहान की घोषणा की
- घोषणा के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं थी
- उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पहले से कांग्रेस से जुड़े हैं और भाजपा का कोई पद नहीं चाहते
आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले में भाजपा की संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के तहत आलीराजपुर मंडल अध्यक्ष पद पर प्रदीप गोजा और नानपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पद पर सुजीत चौहान की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के बाद दोनों युवा नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी असहमति जताई है।
वीडियो संदेश के माध्यम से गोजा और चौहान ने बताया कि उन्हें इस नियुक्ति के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार संगठन की ओर से इस संबंध में उनसे किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं की गई और न ही उनकी अनुमति ली गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पहले से ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा के किसी भी संगठनात्मक पद पर रहने की उनकी कोई इच्छा नहीं है।
सहमति और राजनीतिक पृष्ठभूमि की पुष्टि क्यों नहीं की गई
उनका कहना है कि यदि पार्टी स्तर पर उनसे पहले बातचीत की जाती तो वे अपनी स्थिति स्पष्ट कर देते। इस मामले के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि किसी भी व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने से पहले उसकी सहमति और राजनीतिक पृष्ठभूमि की पुष्टि क्यों नहीं की गई।
विस्तृत चर्चा के बाद होती हैं नियुक्तियां
मामले में प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोहन डोडवे ने बताया कि पार्टी द्वारा किसी भी कार्यकर्ता का चयन बिना सोचे-समझे नहीं किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं के पिछले कार्यों का आकलन करने और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही नियुक्तियां तय की जाती हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


