उत्तराखंड में सियासी पारा हुआ हाई, गणेश गोदियाल ने भाजपा पर लगाया घर-घर शराब पहुंचाने का आरोप

ख़बर शेयर करें


उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीट पर जीत हासिल करने लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक पार्टियां अपना पूरा दम खम लगा रही हैं। 19 अप्रैल को पहले चरण में देवभूमि में चुनाव होने हैं जिसके लिए लगातार दोनो दल प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। लेकिन इसी बीच अब सियासी पारा चढ़ता हुआ नजर आ रहा है। गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Ad
Ad

शराब बांटकर चुनाव जीतना चाहती है भाजपा
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए शेष कुछ ही दिन रह गए हैं। पांचों लोकसभा सीट पर प्रत्याशी जनता के बीच जाकर अपना पक्ष मजबूत करने में जुटे हुए हैं। लेकिन इसी बीच पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। गणेश गोदियाल ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि भाजपा शराब बांटकर चुनाव जीतना चाहती है। जिसका ताजा उदाहरण कल लोकसभा क्षेत्र में पकड़ी गई 9000 शराब की पेटियां हैं।

उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी को पूरा सरकारी संरक्षण मिल रहा है और सरकारी मशीनरी की मिली भगत से ही इतनी अधिक मात्रा में शराब पहाड़ों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शराब के बूते चुनाव को जीतना चाहती है। शिकायत करने के बाद भी प्रशासनिक अमला उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

चुनाव जीतने के लिए धन बल का प्रयोग कर रही भाजपा
गणेश गोदियाल द्वारा लगाए गए इस आरोप का कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने समर्थन किया है। मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए धन बल का प्रयोग कर रही है साथ ही घर घर शराब पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों और पुलिस के संरक्षण में शराब पहुंचने का काम भाजपा द्वारा किया जा रहा है।

इसके साथ ही मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि चुनाव आयोग को वीडियो उपलब्ध करा दी गई है अब इसका संज्ञान चुनाव आयोग को लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार को देख कर भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है और ऐसी हरकत कर रही है। जो देवभूमि को कलंकित करने का काम कर रही है।

भाजपा का शराब से कोई लेना-देना नहीं
कांग्रेस के इन आरोपों को भारतीय जनता पार्टी ने इंन्कार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जो आरोप लगाए हैं उसके अगर साक्ष्य हैं तो पेश करें। भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस जिस शराब का हवाला दे रही है उससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए बंसल ने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार सामने दिखाई दे रही है जिसकी हताशा में कांग्रेस के नेता बेवजह की बयानबाजी कर रही है।