ऊधमसिंह नगर में परिवार को बंधक बनाया, बच्चे पर रिवॉल्वर तान पूछा ‘कहा गढ़ा है सोना’ और लूटे लाखों के जेवर

ख़बर शेयर करें


ऊधमसिंह नगर के किच्छा में तीन हथियारबंद बदमाशों ने मूंगफली थोक विक्रेता नरेश कुमार प्रजापति के घर धावा बोला। उन्होंने परिवार को रिवॉल्वर के बल पर बंधक …और पढ़ें


बरा में घर मे घुस तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम।
तीन हथियारबंद बदमाशों ने मूंगफली विक्रेता के घर लूटा

परिवार को रिवॉल्वर के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की

87 हजार नकद और नौ लाख के आभूषण चोरी हुए

किच्छा। पुलभट्टा थाना अंतर्गत ग्राम बरा में तीन अवैध असलहा से लैस बदमाशो ने मूंगफली के थोक विक्रेता के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने रिवॉल्वर के बल पर परिवार को बंधक बना नकदी व स्वर्ण व चांदी के आभूषण लूट लिए। लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार व पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सुरेश पपनेजा ने मौके पर पहुंच कर पुलिस से जल्द बदमाशों को पकड़ने के लिए कहा।बुधवार रात थाना पुलभट्टा अंतर्गत ग्राम बरा निवासी मूंगफली का थोक विक्रेता नरेश कुमार प्रजापति अपने परिवार के साथ घर मे सो रहा था। मध्य रात्रि 12:40 पर तीन बदमाश अवैध असलहा के साथ उसके घर की चाहरदिवारी फांद कर घर मे घुस गए। उन्होंने नरेश पर रिवॉल्वर तान उसे बाहर निकाल बंधक बना उससे घर में रखी नकदी व जेवर की जानकारी ली।


उसके बाद उन्होंने नरेश की पत्नी प्रेमवती देवी, पुत्र वासुदेव, पुत्री वंशिका को भी रिवॉल्वर के बल पर बंधक बना घर मे रखी 87 हजार की नकदी सहित लगभग नौ लाख रुपए कीमत के सोने व चांदी के आभूषण लूट लिए। उसके बाद वह उनको जान से मारने की धमकी दे बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। लूट की घटना से काफी देर तक परिवार दहशत में रहा।

कुछ देर के बाद किसी तरह हिम्मत कर नरेश प्रजापति खिड़की की जाली काट बाहर आने के बाद हल्ला मचा पड़ोस में रहने वाले अपने भाई को बुलाया तो वहां पर हड़कंप मच गया। उसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस भी हरकत में आ गई। एसओ पुलभट्टा प्रदीप मिश्रा ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ले बदमाशों की धर पकड़ के लिए टीमें लगा दी। पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से भी बदमाशों को चिन्हित करने में जुटी है। सीओ भूपेन्द्र सिंह धौनी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी ले एसओ पुलभट्टा को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बच्चे पर रिवॉल्वर तान पूछा कहा गाढ़ रखा है सोना
किच्छा : नकाबपोश बदमाशों ने घर में रखी नकदी व स्वर्ण आभूषणों की जानकारी परिवार के अलग अलग व्यक्तियों से ली।बदमाशों ने परिवार के सबसे छोटे सदस्य वासुदेव पर रिवॉल्वर तान उसे बरामदे में ले गए। जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। वासुदेव ने पुलिस को बताया कि वह उससे घर में गढ़े सोने के बारे में बार-बार पूछ रहे थे। कुछ देर के बाद उसे अंदर लाकर परिवार के साथ छोड़ दिया।

प्रेमवती के पहने स्वर्ण आभूषण भी उतरवाए
किच्छा : बदमाशों ने घर में रखे स्वर्ण व चांदी के आभूषण के साथ ही प्रेमवती के पहने हुए गहने भी नहीं छोड़े। प्रेमवती ने जब पहने हुए आभूषण उतारने में देरी लगाई तो उन्होंने मारपीट भी की। जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया। उसके बाद बदमाश जो कहते गए वह वैसा ही करते चले गए। उसके बाद वह विरोध का साहस नहीं कर पाए।

रिवॉल्वर का चैंबर खाेल दिखाई चार गोली
किच्छा : बदमाशों ने नरेश प्रजापति पर मनोवैज्ञानिक दवाब बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने नरेश को रिवॉल्वर का चैंबर खोल उसमें भरी चार गोली दिखाते हुए कहा देख ले यह असली है कहीं इसे नकली समझ कोई गलती न कर देना। ऐसा ही वहां बाकी के दोनों के हाथ में पकड़े असलहा का भी है। जिसके बाद नरेश प्रजापति उनका विरोध करने का साहस नहीं कर पाया।

फारेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
किच्छा : घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों के फिंगर व फुट प्रिंट उठा सुरक्षित रख लिए। पुलिस उठाए गए फिंगर प्रिंट का मिलान कर बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है। बरा में घटना को अंजाम देने वाले बदमाश यदि पूर्व में किसी मामले में जेल गए होंगे और उनका आपराधिक रिकार्ड होगा तो उससे मिलान से उनके चिन्हित होने की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।