हल्द्वानी में पति-पत्नी का सड़क पर संग्राम, फ्राईपैन लेकर पीछे भागी पत्नी

हल्द्वानी के मंगलपड़ाव स्थित सब्जी मंडी में उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद सड़क पर तमाशा बन गया। बताया जा रहा है कि खरीदारी के दौरान दोनों के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम हुए इस विवाद के दौरान महिला ने पास की एक चाय की दुकान से फ्राईपैन उठा लिया और अपने पति पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ वार होने के बाद पति मौके से भाग निकला, जबकि महिला फ्राईपैन हाथ में लेकर उसके पीछे दौड़ती रही।
करीब 15 से 20 मिनट तक मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए वहां अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और यदि शांति व्यवस्था भंग करने की पुष्टि होती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


