नैनीताल में 36 घंटे से मूसलाधार बारिश…आफत बनकर बरस रहे बादल, भवाली रोड में मलबा आने से सड़क बंद

नैनीताल में 36 घंटे से मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे हल्द्वानी रोड सहित 15 सड़कें बाधित हैं।
, नैनीताल। शहर में बीते 36 घंटे से मूसलधार वर्षा से जनजीवन ठहर गया है। रोजमर्रा के कामकाज के लिए आवाजाही में लोगों को भारी फजीहत उठानी पड़ रही है। हल्द्वानी रोड में दोगांव के समीप भारी मलबा आने से यातायात बाधित है।
वाहनों को वाया भीमताल भवाली व कालाढूंगी रोड से भेजा जा रहा है। बीते 24 घंटे में शहर में 185 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिससे झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट पहुंच गया है। जिले में मलबा आने से 15 मोटर मार्ग बाधित है।
शहर में शुक्रवार रात से ही वर्षा का क्रम जारी है। शनिवार पूरा दिन व रात के बाद रविवार को भी वर्षा थमी नहीं है। मूसलधार वर्षा से शहर का पर्यटन कारोबार चौपट हो गया। पर्यटकों की आमद नहीं होने से सड़के सुनसान पड़ी है।
वहीं रोजमर्रा के कामकाज के लिए बाहर निकलने में भी लोगों को भारी फजीहत उठानी पड़ रही है। इधर सुबह दोगांव के समीप पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हो गया। जिससे सड़क पर कई घंटों से यातायात पूरी तरह बाधित है। हालांकि एनएच की टीम बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है।
झील उच्चतर स्तर से महज चार इंच दूर, पूरे खुले है निकासी गेट
शहर में मूसलधार वर्षा से प्राकृतिक जलस्रोत रिचार्ज हो गए है। उफान पर दिख रहे नालों से भारी मात्रा में पानी झील तक पहुंच रहा है। जिससे झील का जलस्तर बढ़कर 88.8 फीट पहुंच गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिंचाई विभाग ने झील के दोनों निकासी गेटों को पूरी क्षमता के साथ खोल दिया है। दोनों गेटों से 18-18 इंच निकासी होने के बाद भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
जिले में 15 सड़क बंद
सड़कों के लिए वर्षा कहर बनकर बरस रही है। सड़कों में मलबा आने से वाहनों के पहिये रोक दिये हैं। आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक वर्षा से जिले की 15 सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित है। जिसमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग ज्योलीकोट-भवाली क्वारब, हल्द्वानी-नैनीताल, तीन राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग व नौ ग्रामीण मार्ग बाधित है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


