हल्द्वानी-रेट्रो साइलेंसर से पटाखे फोड़े, विरोध करने पर युवक की गर्दन पर मारा चाकू

हल्द्वानी। राजपुरा में बाइक सवार एक हुड़दंगी ने रेट्रो साइलेंसर का इस्तेमाल कर क्षेत्र में पटाखे फोड़कर अशांति का माहौल बना दिया। इसका विरोध करने पर आरोपित ने एक युवक के गर्दन पर चाकू मार दिया। लोग सिरफिरे को पकड़ने दौड़े तो वह अपने घर की छत पर चढ़ गया और लोगों पर पथराव करने लगा। इधर, घायल युवक को गंभीर हालत में डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजपुरा निवासी विश्वास वाल्मीकि शाम को अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास से रेट्रो साइसेंलर बाइक से पटाखे फोड़ते हुए गुजरा। इसकी शिकायत विश्वास ने अपने बेटे आकाश से की। जब आकाश यह शिकायत लेकर आरोपित युवक के घर पहुंचा तो उसके पिता ने जमकर फटकार लगाई। पिता की डांट से नाराज आरोपित चाकू लेकर आकाश के घर पहुंच गया और आकाश के गले के पीछे वार कर दिया।
जब आकाश के पिता उसे बचाने दौड़े तो आरोपित युवक ने उनपर भी हमला करना चाहा। मौके पर जब भीड़ इकट्ठा हुई तो आरोपित भागकर अपने छत पर पहुंचा और वहीं से पत्थर मारना शुरू कर दिया। इससे लोग और आक्रोशित हो गए। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल आकाश को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। वहीं इस घटना से नाराज राजपुरा के कई लोग कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि राजपुरा में हर तरह का अपराध हो रहा है और राजपुरा चौकी पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है।
शराब तस्करों व जुए का अड्डा है राजपुरा पुलिस नहीं करती कार्रवाई
क्षेत्र के लोगों ने राजपुरा पुलिस चौकी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, राजपुरा में जमकर शराब की तस्करी होती है, वहीं चौकी के पास ही जुआ खेला जाता है। उसके बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत साहू ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से शराब तस्कर यहां जमकर शराब बेचते हैं। इनपर कार्रवाई भी होती है लेकिन यह फिर छूट जाते हैं और शराब बेचने लगते हैं। राजपुरा में स्मैक, चरस भी खूब बिकती है। इसकी जानकारी कोतवाल से लेकर एसएसपी तक को है
15 से 20 पेटी पकड़ी जाती है शराब, दिखाते हैं सिर्फ दो पेटी
क्षेत्रवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल किए हैं, उनका कहना है कि पुलिस शराब तस्करों से 15 से 20 पेटी शराब पकड़ती है। लेकिन पर्दाफाश के समय सिर्फ दो या तीन पेटी ही शराब दिखाई जाती है।
कोतवाली में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई है, इन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि हमने आरोपित को अभी हिरासत में ले लिया है। मामले की पूरी जांच की जा रही है। आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। – विजय मेहता, कोतवाल।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन