हल्द्वानी: आखिर क्यों सचिन ने मौत को लगाया गले? हाईस्कूल टॉपर और CDS परीक्षा पास करने वाले छात्र की दर्दनाक मौत

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी – शहर में शनिवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पढ़ाई में बेहद होनहार 22 वर्षीय सचिन पलड़िया ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सचिन की असामयिक मौत से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस के अनुसार सचिन पलड़िया मूल रूप से ग्राम सभा पिन्नौरा ट्यूना गांव, छोटा कैलाश निवासी हरिश्चंद्र पलड़िया का पुत्र था। वह हल्द्वानी के छड़ैल क्षेत्र में अपने चाचा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। यहीं से उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इसके बाद वह बनारस विश्वविद्यालय में बीए की पढ़ाई के लिए चला गया।

ADVERTISEMENTS

परिजनों के अनुसार सचिन देश सेवा का सपना देखता था और इसी लक्ष्य के तहत उसने सीडीएस (कम्बाइंड डिफेंस सर्विसेज) की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी। वह पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहा। हाईस्कूल परीक्षा में उसने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे और प्रदेश में 23वीं रैंक हासिल की थी।

परिजनों ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सचिन को बरामदे में रखी दराज से स्टूल निकालते हुए देखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से मानसिक रूप से परेशान था और आत्महत्या की योजना बना रहा था। शाम तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने जबरदस्ती कुंडा तोड़ा, तो देखा कि सचिन कमरे में रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।


घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के रिश्तेदारों और परिचितों की भारी भीड़ जुटी रही। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है

ADVERTISEMENTS