हल्द्वानी – मंदिर में अकेली मिली छह माह की मासूम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी – नवरात्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले हल्द्वानी के आंबेडकर नगर स्थित मंदिर में छह माह की एक मासूम बच्ची अकेली मिली। मंदिर के फर्श पर रो रही बच्ची की आवाज सुनकर एक महिला उसके पास पहुंची और उसे गोद में उठाकर सीने से लगा लिया। महिला की गोद में आते ही बच्ची शांत हो गई। काफी देर तक जब बच्ची के परिजनों का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर शिशु सदन पहुंचाया, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है।

शनिवार को मंदिर में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया। एक महिला ने उसे गोद में उठाकर चुप कराया। इसके बाद मंदिर में मौजूद लोगों ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। लोगों को उम्मीद थी कि कोई परिजन आसपास मौजूद होगा, लेकिन काफी देर तक खोजबीन के बाद भी कोई सामने नहीं आया। इसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची काफी देर से मंदिर के फर्श पर अकेली पड़ी थी। महज छह माह की बच्ची को इस तरह अकेला देखकर लोग भावुक हो गए। नवरात्र के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना की तैयारियां चल रही थीं, इसी बीच मासूम के मिलने से उसकी सुरक्षा और उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति को लेकर सवाल खड़े हो गए।

बाल कल्याण समिति ने संरक्षण में लिया –
पुलिस ने मौके पर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम को बुलाया। टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा। शुरुआती जांच में बच्ची को सर्दी लगने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे दवा दी गई। इसके बाद बच्ची को शिशु सदन पहुंचाया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस –
बच्ची को मंदिर में छोड़कर जाने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही बीते छह माह के दौरान अस्पतालों में हुए प्रसव के रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं। पुलिस की दो टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। एसपी सिटी हरबंस सिंह के अनुसार, बच्ची को मंदिर में छोड़कर जाने वालों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सभी अस्पतालों में प्रसव संबंधी रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

शिशु सदन में रखी जा रही मासूम की देखभाल –
जिला प्रोबेशन अधिकारी नैनीताल वर्षा आर्या के अनुसार, बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसका वजन सात किलोग्राम से अधिक है। फिलहाल उसे शिशु सदन में रखा गया है और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी संस्था की है। यदि बच्ची के जैविक माता-पिता का पता चलता है तो उनसे संपर्क किया जाएगा। वहीं, यदि कोई परिवार बच्ची को गोद लेना चाहता है तो नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मासूम की पहचान और उसे मंदिर में छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस की कोशिश है कि बच्ची के परिजनों तक पहुंचा जा सके और उसके भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सके।

ADVERTISEMENTS