हल्द्वानी : 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ दबोचा

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

नैनीताल: नैनीताल जिले की तहसील धारी में भूमि नापने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, गांव मौड़ा, तहसील धारी निवासी शिकायतकर्ता अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा से संपर्क किया था। आरोप है कि भूमि नाप के एवज में पटवारी द्वारा शिकायतकर्ता से पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।

26 सितंबर 2026 को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने तहसील धारी में कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत करने की अपील की है

ADVERTISEMENTS