हल्द्वानी: देर रात मीरा मार्केट में कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख,देखे वीडियो

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले मीरा मार्केट में मंगलवार देर रात एक कपड़ों की दुकान अचानक आग की लपटों में घिर गई। अचानक लगी आग से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीरा मार्केट स्थित वैशाली एंपोरियम दुकान, जो प्रमोद गुप्ता की है, से देर रात लगभग 11 बजे धुआं निकलता दिखाई दिया। गुप्ता दिन में दुकान बंद कर घर चले गए थे। आग बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने मालिक को जानकारी दी और बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज हो गईं।

ADVERTISEMENTS

Video link- https://youtube.com/shorts/N7lWdkoE1Ec?si=jlI0dO3-CXQ67PTK
थोड़ी देर में दमकल विभाग की टीम पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
दुकानदार के मुताबिक दुकान में लहंगे, पिछौड़ा और शादी-ब्याह से जुड़ा सामान रखा हुआ था। नवरात्र और दीपावली को देखते हुए अतिरिक्त माल भी मंगवाया गया था। घटना से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।

गनीमत रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैली, वरना हालात और गंभीर हो सकते थे। मीरा मार्केट की गलियां बेहद संकरी हैं, जिस वजह से हर बार आग की घटनाओं में दमकल कर्मियों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है।

ADVERTISEMENTS