हल्द्वानी-भीषण सड़क हादसा: टवेरा और बुलेट 25 मीटर गहरी खाई में गिरे, बाइक सवार गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी। नैनीताल मार्ग पर भुजियाघाट के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टवेरा कार और बुलेट बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहन करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को बाहर निकाला।

काठगोदाम कोतवाल जसवीर चौहान ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टवेरा कार (यूके 04 टीए 3921) और बुलेट बाइक (यूके 04 वाई 6350) गहरी खाई में गिरी मिलीं। घायल बाइक चालक की पहचान पुराण चंद्र जोशी पुत्र रेवाधार जोशी, निवासी भगवानपुर, मुखानी के रूप में हुई। प्राथमिक रेस्क्यू के बाद उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टवेरा कार काठगोदाम से भुजियाघाट की ओर जा रही थी, जबकि बुलेट बाइक हल्द्वानी की ओर आ रही थी। आरोप है कि टवेरा चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी लेन छोड़ दी और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह टवेरा चालक की कथित लापरवाही सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।