हल्द्वानी- लस्सी बनाने में फुंक गई 65.40 लाख की बिजली! एक महीने का बिल देख व्यापारी के उड़े

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

मटर गली के व्यापारी परिवार के उड़े होश, बिजली का बिल देखकर बढ़ा मानसिक तनाव; व्यापार मंडल ने विद्युत विभाग से जांच कर संशोधित बिल जारी करने की मांग की

ADVERTISEMENTS

हल्द्वानी न्यूज़- हल्द्वानी के मटर गली में बिजली के स्मार्ट मीटर से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लस्सी की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी को महज एक महीने का बिजली बिल 65 लाख 40 हजार रुपये थमा दिया गया। इतनी बड़ी धनराशि का बिल देखकर व्यापारी परिवार के होश उड़ गए। परिवार का कहना है कि वह अब तक बिजली के सभी बिलों का भुगतान समय पर करता रहा है, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद आए इस बिल ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, व्यापारी जसवीर सिंह मटर गली में ‘जस्सी दी लस्सी’ के नाम से दुकान संचालित करते हैं। उनके पुत्र जसपाल सिंह ने बुधवार सुबह मटर गली व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दलजीत सिंह को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुकान में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद करीब एक महीने का बिजली बिल 65.40 लाख रुपये आया है।

एक महीने का बिल देखकर परिवार परेशान

जसपाल सिंह के अनुसार, उनका परिवार नियमित रूप से बिजली के बिलों का भुगतान करता रहा है। इसके बावजूद एक महीने के लिए इतनी बड़ी धनराशि का बिल आना समझ से परे है। बिल की रकम देखकर पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। परिवार ने विद्युत विभाग से मामले की तत्काल जांच कर बिल में हुई गड़बड़ी को ठीक कराने की मांग की है।

व्यापार मंडल ने अधिकारियों से मांगा हस्तक्षेप

मामले की जानकारी मिलने के बाद मटर गली व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने विद्युत विभाग के जेई साकेब से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इसके बाद एसोसिएशन अध्यक्ष दलजीत सिंह और महामंत्री अतुल कुमार गुप्ता ने विभाग के महाप्रबंधक, एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता समेत अन्य अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

व्यापारी एसोसिएशन ने स्मार्ट मीटर की उच्चस्तरीय जांच कराने, बिल में संभावित गड़बड़ी दूर करने और उपभोक्ता को संशोधित बिजली बिल जारी करने की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस मामले में कब तक जांच कर व्यापारी परिवार को राहत देता है

ADVERTISEMENTS