हल्द्वानी- अब्दुल मतीन सिद्दीकी बने सपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश यादव ने दी बड़ी जिम्मेदारी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के उद्देश्य से नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हल्द्वानी के आजाद नगर, हल्द्वानी निवासी वरिष्ठ नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी को समाजवादी पार्टी उत्तराखंड का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अब्दुल मतीन सिद्दीकी बने सपा के नए प्रदेश अध्यक्ष
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हस्ताक्षर से जारी आधिकारिक कार्यालय-ज्ञाप (कार्यालय पत्र) में इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की जानकारी दी गई। अब्दुल मतीन सिद्दीकी की गिनती उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी के पुराने और अनुभवी नेताओं में होती है। वह लंबे समय से राज्य के जनमुद्दों और सांगठनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। हल्द्वानी और कुमाऊं क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
पार्टी की ओर से जारी इस नई नियुक्ति के बाद अब उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी के सांगठनिक ढांचे को नए सिरे से पुनर्गठित करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्य में समाजवादी पार्टी को पुनः सक्रिय करने और जनाधार बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक स्थानीय और जनाधार वाले चेहरे पर भरोसा जताया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह
प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद अब्दुल मतीन सिद्दीकी को पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और समर्थकों की ओर से बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि नया प्रदेश नेतृत्व जल्द ही राज्य कार्यकारिणी के विस्तार और आगामी अभियानों की रूपरेखा तैयार कर प्रदेश भर में दौरा शुरू करेगा
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


