गर्लफ्रेंड की लाश को किया न्यूड, बाल मुंडवाकर बदला हुलिया; शातिर विजय की खौफनाक कहानी!

ख़बर शेयर करें

gf killed

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। कातिल इतना शातिर था कि उसने पहचान छिपाने के लिए न केवल महिला का चेहरा ईंट से कूच दिया और उसे निर्वस्त्र (न्यूड) कर फेंका, बल्कि खुद को पुलिस से बचाने के लिए अपना हुलिया तक बदल लिया। लेकिन कहते हैं न कि कानून के हाथ लंबे होते हैं, पुलिस ने सीसीटीवी और एक ऑटो ड्राइवर की मदद से इस पूरे मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

30 जनवरी की सुबह पीपीगंज इलाके के बरघट्टा पुल के नीचे एक अज्ञात महिला की न्यूड लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। जांच में पता चला कि मृतका मुंबई की रहने वाली 35 वर्षीय प्रिया शेट्टी थी। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो कड़ियां सीधे विजय कुमार साहनी नाम के शख्स से जुड़ीं।

विजय साहनी, जो एक निजी कंपनी में बीमा का काम करता है, साल 2012 से प्रिया के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। दोनों का एक 13 साल का बेटा भी है। हालांकि, बाद में विजय ने प्रिया को छोड़ दिया और 2014 में संध्या नाम की महिला से शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद भी विजय का प्रिया से पीछा नहीं छूटा और प्रिया लगातार उस पर साथ रखने या गांव चलकर हंगामा करने का दबाव बना रही थी।

प्लान बनाकर बुलाया गोरखपुर, फिर की ‘ड्रिंक पार्टी’

विजय ने बताया कि प्रिया की धमकियों से तंग आकर उसने अपने ससुर रामबिलास और पत्नी संध्या को सब कुछ सच बता दिया। परिजनों ने उसे प्रिया को गोरखपुर लाने को कहा। 26 जनवरी को विजय अपनी पत्नी और प्रेमिका दोनों को लेकर गोरखपुर पहुंचा। दो दिनों तक होटल में रुककर उन्होंने खूब सैर-सपाटा किया और जमकर शराब पी।

हत्या वाली रात यानी 29 जनवरी को विजय ने एक ऑटो बुक किया और अपनी पत्नी व प्रेमिका के साथ शराब पीते हुए पीपीगंज की ओर निकला। रास्ते में उन्होंने ऑटो ड्राइवर को भी शराब पिलाई। वहां से ससुर की स्कूटी लेकर तीनों सहजनवां की तरफ बढ़े।

पुल के नीचे दिया वारदात को अंजाम

रास्ते में शराब के नशे में जब प्रिया ने फिर से हंगामा शुरू किया, तो विजय की पत्नी संध्या ने उकसाते हुए कहा, “इसे जान से मार देना चाहिए।” बस फिर क्या था, विजय ने नशे में धुत्त प्रिया का गला घोंट दिया। मौत सुनिश्चित करने के बाद पति-पत्नी लाश को पुल से 20 फीट नीचे ले गए। वहां पहचान मिटाने के लिए ईंट से उसका चेहरा बिगाड़ दिया और कपड़े उतारकर उसे न्यूड कर दिया ताकि पुलिस को लगे कि यह रेप के बाद की गई हत्या है।

शातिर कातिल ने बदला हुलिया

विजय को पता था कि रास्ते में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पकड़े जाने के डर से उसने अगले ही दिन नाई के पास जाकर अपने सिर के बाल मुंडवा लिए और दाढ़ी-मूंछ साफ करवा दी। वहीं उसकी पत्नी संध्या ने खून से सने कपड़े नदी में फेंक दिए। हालांकि, सीसीटीवी में ससुर की स्कूटी पर तीन लोग नजर आ गए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

ऑटो ड्राइवर ने खोला राज

इस अंधे कत्ल को सुलझाने में एक ऑटो ड्राइवर ने अहम भूमिका निभाई। उसने पुलिस को बताया कि उस रात एक युवक दो महिलाओं के साथ उसके ऑटो में था। पुलिस ने जब विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विजय साहनी, उसकी पत्नी संध्या और स्कूटी देने वाले ससुर रामबिलास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।