Earthquake and Tsunami Alert: सुबह-सुबह 8.2 तीव्रता के भीषण भूकंप से हिली धरती, सुनामी की चेतावनी

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

Earthquake and Tsunami Alert
Earthquake and Tsunami Alert

Earthquake and Tsunami Alert: एशिया में लगातार आ रहे भूकंपों के बीच सोमवार सुबह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस में बेहद शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.2 मापी गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के निकट स्थित था। तेज झटकों के कारण लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए और कई क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कई देशों में सुनामी का खतरा

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, जापान और इंडोनेशिया सहित एशिया के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) और जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:40 बजे आया। इसके झटके इंडोनेशिया के नॉर्थ सुलावेसी और नॉर्थ मालुकु प्रांतों तक महसूस किए गए। फिलीपींस की भूकंप विज्ञान एजेंसी ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने कुछ क्षेत्रों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठने की आशंका जताई है। इसके अलावा मलेशिया, ताइवान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत महासागर के कई अन्य क्षेत्रों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

इमारतों में दरारें, कई लोग हुए प्रभावित

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भूकंप के बाद कुछ इमारतों में दरारें दिखाई दी हैं। अलाबेल क्षेत्र के पुलिस प्रमुख बेंजी एंचेटा ने बताया कि यह उनके जीवन का सबसे शक्तिशाली भूकंप था। हालांकि अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तेज झटकों के कारण कई लोग बेहोश हो गए और कुछ स्थानों पर घबराहट का माहौल देखा गया।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है फिलीपींस

फिलीपींस प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जो दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है। यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां होती रहती हैं। यही कारण है कि यह देश प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से सबसे संवेदनशील देशों में गिना जाता है। हर वर्ष यहां कई शक्तिशाली तूफान और चक्रवात भी दस्तक देते हैं, जिससे आपदा का खतरा लगातार बना रहता है।