हल्द्वानी- करोड़ों की जमीन ठगी मामले में धनंजय गिरी गिरफ्तार, काठगोदाम थाने में एसआईटी की पूछताछ

हल्द्वानी। जमीन खरीद-फरोख्त और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में हल्द्वानी के चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को ऊधमसिंहनगर पुलिस की एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को काठगोदाम थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात कार्रवाई करते हुए धनंजय गिरी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
धनंजय गिरी पर लोगों को जमीन दिलाने, प्लॉट बेचने और निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में अब तक करीब 20 लोगों ने एसआईटी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने अलग-अलग लोगों से 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम की ठगी की।
पीड़ितों के अनुसार कई लोगों से जमीन की डील कराने के नाम पर एडवांस रकम ली गई, लेकिन न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही रकम लौटाई गई। कुछ मामलों में एक ही जमीन को कई लोगों को दिखाकर सौदे करने के आरोप भी सामने आए हैं।
शिकायतों की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया और एसआईटी पिछले कई महीनों से जांच में जुटी थी। जांच के दौरान बैंक लेनदेन, संपत्तियों और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है कि कथित धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे। धनंजय गिरी का नाम इससे पहले भी विवादित जमीन सौदों और आर्थिक लेनदेन को लेकर चर्चा में रहा है। मामले को लेकर कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने कहा है कि जल्द ही विस्तृत ब्रीफिंग दी जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन