नैनीताल के पाटकोट में बादल फटने जैसी घटनाः कार बही, केदारनाथ मार्ग पर बार-बार लैंडस्लाइड से यात्रा रोकी; देहरादून में बारिश

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के सभी जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। देहरादून में आज सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है।

बारिश के बीच केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर रविवार को चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से स्थानीय यात्री मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने से क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ पैदल यात्रा फिलहाल रोकी गई है।

वहीं, देर शाम नैनीताल के पाटकोट क्षेत्र में बादल फटने जैसी घटना के बाद मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश के चलते क्षेत्र में अचानक हालात बिगड़ गए।

नैनीताल में उफनते नाले में गाड़ियां डाल रहे यात्री

उत्तरकाशी के सारीगाड़ में भूस्खलन के चलते यमुनोत्री नेशनल हाईवे भी बंद हो गया। सड़क पर मलबा आने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई थी। हालांकि, बाद में मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

वहीं, नैनीताल के पाटकोट में बारिश के बीच लोग उफनते नाले को पार करने के लिए बाइक और गाड़ियां पानी में उतार रहे हैं। तेज बहाव के बावजूद वाहन चालक जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे हैं। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

ADVERTISEMENTS