हल्द्वानी में परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, क्षेत्र में शोक की लहर

हल्द्वानी। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर कक्षा 12 की एक छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। सूचना पर पहुंची मुखानी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कालाढूंगी रोड स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में कक्षा 12 में पढ़ने वाली 17 वर्षीय ज्योति अपनी मां के साथ छड़ायल के संगम विहार क्षेत्र में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर ज्योति को डांट पड़ी थी। डांट के बाद उसने सामान्य रूप से नाश्ता किया और फिर दिन में अपने कमरे में चली गई।
काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने जाकर देखा। कमरे के अंदर ज्योति का शव पंखे से लटका हुआ मिला। यह देखते ही घर में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


