ब्रेकिंग बीजेपी ने बदले 4 राज्यों के अध्यक्ष, 7 जुलाई की बैठक में उत्तराखंड समेत 13 राज्यों पर होगा फैसला

ख़बर शेयर करें

दिल्ली: विधानसभा और लोकसभा चुनावों को मद्देनजर बीजेपी ने कई राज्यों के बीजेपी अध्यक्ष बदल दिए हैं। इसके तहत बीजेपी ने आंध्र प्रदेश में डी पुरंदेश्वरी, झारखंड में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, पंजाब में सुनील जाखड़ और तेलंगाना में जी किशन रेड्डी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके अतिरिक्त राजेंद्र एटीला को चुनाव प्रबंधन संमिति का अध्यक्ष बनाया गया है।।

Ad
Ad


पार्टी ने चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया है। इनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और पंजाब शामिल हैं, हालांकि पार्टी ने मध्य प्रदेश और कर्नाटक को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। इन राज्यों में भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा थी। पंजाब में अभी तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अश्वनी शर्मा संभाल रहे थे। पार्टी ने पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर आए पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ को कमान सौंपी है। तो वहीं केंद्र में मंत्री जी किशन रेड्‌डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है। अभी बी संजय कुमार तेलंगाना के अध्यक्ष थे।


बीजेपी ने पिछले दिनों बिहार में प्रदेश अध्यक्ष को बदला था। अब पार्टी ने बिहार से अलग होकर बने झारखंड में बदलाव किया है। पार्टी ने यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को कमान सौंपी है। झारखंड में झामुमो की अगुवाई वाला महागठबंधन सत्ता में हैं। अभी तक झारखंड में पार्टी संगठन की कमान दीपक प्रकाश के पास थी। मरांडी विधानसभा में नेता विपक्ष थे। ऐसे में संभावना है कि पार्टी नेता विपक्ष की जिम्मेदारी किसी और नेता को सौंपेगी।


बीजेपी कुछ और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है। ऐसे में जिन राज्यों में बदलाव की चर्चा थी। वहां के बारे में 7 जुलाई की बैठक के बाद फैसला हो सकता है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की अध्यक्ष में 7 जुलाई को उत्तरी क्षेत्र के राज्यों की बैठक होनी है। इस बैठक में बी एल संतोष भी मौजूद रहेंगे। उत्तरी क्षेत्र के 13 राज्यों के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात और दमन दीव-दादर नगर हवेली के नेताओं को बुलाया गया है।

इस बैठक में गुजरात से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश प्रमुख सीआर पाटिल जाएंगे। इस बैठक में बीजेपी अहम और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। गुजरात में भी लंबे समय से बदलाव की अटकलें लग रही हैं।