लोकसभा चुनाव के लिए BJP का खास प्लान, इन विधायकों पर खेल सकती है भाजपा दाव
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सियासी दल अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा के सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं की माने तो हाईकमान 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने किसी भी मौजूदा सांसद को टिकट देने के मूड में नहीं है। इनके स्थान पर भाजपा हाईकमान विधायकों को लोकसभा चुनाव लड़वाने की तैयारी में है। जिसमें तीन कैबिनेट मंत्री भी शामिल है।
भाजपा हाईकमान के इस कदम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को और अधिक फ्री-हैंड देने के तौर पर भी देखा जा रहा है। भाजपा संगठन के साथ खुद सूबे के मुख्यमंत्री इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अब चर्चा यह तेज हो रही है कि उत्तराखंड की पांचों सीटों पर प्रत्याशी कौन होंगे। भाजपा अपने पुराने चेहरों के साथ ही चुनावी समर में आएगी या फिर कोई बड़ा फेदबदल किया जाएगा।
क्या BJP नहीं करेगी सांसद का टिकट रिपीट?
सियासी जानकारों का कहना है कि कुछ सांसदों का टिकट काटा जाना है या संभावना ये भी है कि हाईकमान किसी भी मौजूदा सांसद को फिर से मैदान में न उतारे। चर्चा यह तेज हो रही है कि भाजपा हाईकमान राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह यहां भी प्रयोग कर सकती है।
कद्दावर मंत्रियों को चुनाव लड़वाने की चर्चा तेज
गौरतलब है कि उन राज्यों में भाजपा ने अपने कद्दावर मंत्रियों और सांसदों को विधायकी का चुनाव लड़वा दिया था। जबकि उत्तराखंड में इसके विपरीत भाजपा हाईकमान विधायकों को सांसदी का चुनाव लड़वा सकती है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि चुनाव में प्रत्याशी कोई भी क्यों न हो। वोट तो प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर ही मिलेगा। ऐसे में भाजपा टिकट किसी को भी दे शायद ही इससे कुछ खास फर्क पड़ेगा।
युवा कैबिनेट मंत्री को दे सकती है BJP टिकट
सियासी गलियारों में हो रही चर्चा के अनुसार भाजपा इस बार पांचों सीटों से विधायकों को ही मैदान में उतार सकती है। इनमें तीन कैबिनेट मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। चर्चाओं के अनुसार हाईकमान सितारगंज सीट से विधायक और युवा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को भाजपा उनके पिता विजय बहुगुणा की सीट टिहरी गढ़वाल से प्रत्याशी बना सकती है। इस सीट पर एक दूसरी पार्टी के विधायक से भी बातचीत चलने की चर्चा तेज है।
इन दो चेहरों पर खेल सकती है BJP दाव
वहीं पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज या फिर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत को मैदान में उतारा जा सकता है। बताते चलें सतपाल महाराज इस सीट से 1996 में तिवारी सरकार में सांसद रह चुके हैं। बता दें सबसे हॉट हरिद्वार लोकसभा सीट है। अगर भाजपा हाईकमान मौजूदा सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को ड्राप करने का मन बनाती है तो हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाया जा सकता है।
भट्ट को किया जा सकता है ड्राप
चर्चाओं की माने तो नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर भी मौजूदा सांसद अजय भट्ट को ड्राप किया जा सकता है। यहां से गदरपुर सीट से विधायक अरविंद पांडेय को टिकट मिलने की चर्चा हो रही है। अगर ऐसा होता है तो अजय भट्ट को बाद में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। ऐसा करके हाईकमान भाजपा कुमाऊं-गढ़वाल के बीच की खाई को भी काम करने की कोशिश करेगी।
अल्मोड़ा से प्रत्याशी बदलने की तैयारी
वहीं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सुरक्षित सीट से अजय टम्टा दो बार लगातार जीत चुके हैं। अब चर्चा तेज हो रही है कि भाजपा हाईकमान इस बार प्रत्याशी बदलने के मूड में है और इस सीट से विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को मैदान में उतारा जा सकता है। बहरहाल भाजपा हाईकमान का फैसला क्या होगा यह तो आने वाला समय ही तय करेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें