भाजपा ने कर दिया खेला! टिकट कटने के बाद इनको मिली बड़ी जिम्मेदारी; उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी

ख़बर शेयर करें

Datia Assembly BJP Star Campaigners List: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार की रणनीति तेज कर दी है. पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है, जिसमें पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल है.

टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी
टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Datia Assembly BJP Star Campaigners List: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव प्रचार की रणनीति तेज कर दी है. पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है, जिसमें पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल है. इससे साफ संकेत मिलते हैं कि टिकट नहीं मिलने के बावजूद पार्टी उन्हें चुनाव प्रचार में अहम जिम्मेदारी देने जा रही है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दतिया उपचुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे.उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक भी चुनावी सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

इन वरिष्ठ नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी

प्रदेश स्तर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के अलावा वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह को भी प्रचार अभियान में शामिल किया गया है. पार्टी के कई संगठनात्मक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अलग-अलग क्षेत्रों में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे.

नरोत्तम मिश्रा के नाम पर सबसे ज्यादा चर्चा

स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे अधिक चर्चा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नाम को लेकर हो रही है. उपचुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों ने नाराजगी जताई थी. हालांकि बाद में भाजपा नेतृत्व ने सभी नेताओं को एक मंच पर लाकर संगठन में एकजुटता का संदेश दिया.अब स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम शामिल होने को पार्टी के डैमेज कंट्रोल और एकजुटता की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, कांग्रेस ने दतिया राजघराने के घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है.सोमवार यानी आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है और दोनों प्रमुख दलों के उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे.

कब होगा मतदान और मतगणना?

दतिया उपचुनाव को भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है. यहां नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई 2026 हैं वहीं मतदान 30 जुलाई को होगा. भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार 3 अगस्त को रिजल्ट घोषित किए जाएंगें. ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की चुनावी सभाएं और प्रचार अभियान तेज होने की संभावना है.